सवाई माधोपुर: नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर सुरक्षा सख्त, 904 पुलिसकर्मी तैनात
निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त बल तैनात किया गया है, सोशल मीडिया पर भी पुलिस की नजर रहेगी।
सवाई माधोपुर। नगर निकाय आम चुनाव-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला पुलिस सवाई माधोपुर ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी, आईपीएस के निर्देशन में जिले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गंगापुर सिटी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बौंली के सुपरविजन में बौंली, खंडार एवं सवाई माधोपुर नगर निकाय क्षेत्रों में सशस्त्र बल सहित करीब 904 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी विभिन्न स्थानों पर तैनात किए गए हैं।
चुनाव सुरक्षा व्यवस्था के तहत 12 पुलिस सुपरवाइजर अधिकारी और 16 मोबाइल पार्टियां भी तैनात की गई हैं। मतदान केंद्रों, संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों तथा प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त पुलिस जाप्ता मौजूद रहेगा। पुलिस मोबाइल पार्टियों द्वारा लगातार क्षेत्र में गश्त की जाएगी और किसी भी प्रकार की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जिला पुलिस ने चुनाव को लेकर संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों को चिन्हित कर वहां विशेष सुरक्षा इंतजाम किए हैं। मतदान केंद्रों और उनके आसपास पुलिस बल की तैनाती के साथ मोबाइल पार्टियों को लगातार भ्रमण एवं निगरानी के लिए लगाया गया है। संवेदनशील मतदान केंद्रों पर सशस्त्र पुलिस बल तैनात किया गया है। चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या मतदान प्रक्रिया को प्रभावित करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी आदर्श आचार संहिता की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने के लिए जिला पुलिस एवं प्रशासन लगातार निगरानी रख रहा है। सभी राजनीतिक दलों, प्रत्याशियों, समर्थकों एवं आमजन से आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों का पालन करने और चुनाव के दौरान शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई है। आचार संहिता के दौरान बिना अनुमति प्रचार-प्रसार, सार्वजनिक स्थानों पर नियम विरुद्ध पोस्टर-बैनर लगाना, मतदाताओं को डराना-धमकाना या प्रलोभन देना, चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास करना तथा अन्य प्रतिबंधित गतिविधियों से दूर रहने के निर्देश दिए गए हैं।
चुनाव के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित होने वाली सामग्री पर भी निगरानी रखी जाएगी। पुलिस ने अपील की है कि किसी भी व्यक्ति द्वारा भ्रामक सूचना, अफवाह, आपत्तिजनक सामग्री अथवा ऐसी पोस्ट या वीडियो प्रसारित नहीं की जाए, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित हो या चुनावी प्रक्रिया बाधित हो। आमजन से सोशल मीडिया पर प्राप्त किसी भी अपुष्ट या भ्रामक सूचना को आगे प्रसारित नहीं करने तथा संदिग्ध या भ्रामक सामग्री की सूचना तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम अथवा संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को देने को कहा गया है।
जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आदर्श आचार संहिता एवं चुनाव संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। चुनाव को प्रभावित करने, मतदाताओं को डराने-धमकाने, प्रलोभन देने, शांति भंग करने अथवा कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिला पुलिस सवाई माधोपुर ने मतदाताओं से किसी भी प्रकार के भय, दबाव, प्रलोभन या अफवाह में आए बिना स्वतंत्र एवं निष्पक्ष रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है। यदि किसी व्यक्ति द्वारा मतदाता को डराने-धमकाने अथवा चुनाव प्रक्रिया में बाधा डालने का प्रयास किया जाता है तो इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम के 07462-225225, 220598, 222999 या 9530437072 नंबर पर तत्काल दी जा सकती है।
नगर निकाय आम चुनाव-2026 के दौरान शांति, कानून-व्यवस्था, निष्पक्षता एवं भयमुक्त वातावरण बनाए रखने के लिए जिला पुलिस सवाई माधोपुर द्वारा सभी आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। पुलिस बल को सतर्क एवं मुस्तैद रखा गया है और चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस संसाधन उपलब्ध रहेंगे। जिला पुलिस ने आमजन से शांतिपूर्ण चुनाव के लिए पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करने और आदर्श आचार संहिता की पालना करते हुए जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने की अपील की है।