सवाई माधोपुर में शक्ति दिवस पर एनीमिया स्क्रीनिंग, बांटी गईं आयरन टेबलेट्स
सीएमएचओ डॉ. अनिल जेमिनी के अनुसार, जिले में बच्चों और महिलाओं में एनीमिया की दर कम करने के लिए माह के हर मंगलवार को विशेष जांच व उपचार शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
तस्वीर में कक्षा के दौरान एक महिला स्वास्थ्य कर्मी बच्चे को दवा की खुराक दे रही है।
सवाई माधोपुर में मंगलवार को शक्ति दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान बच्चों, किशोरी बालिकाओं और महिलाओं की एनीमिया स्क्रीनिंग तथा हीमोग्लोबिन की जांच की गई। एनीमिया से ग्रस्त लोगों का उपचार किया गया और आयरन की टेबलेट्स वितरित की गईं। साथ ही मौसमी बीमारियों से बचाव, पोषणयुक्त आहार लेने और विभागीय योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक किया गया।
सीएमएचओ डॉ. अनिल जेमिनी ने बताया कि शक्ति दिवस के तहत बच्चों, महिलाओं और किशोरियों में एनीमिया की दर कम करने के लिए स्क्रीनिंग और उपचार किया जाता है। इसके तहत बच्चों, किशोरी बालिकाओं, विवाहित महिलाओं, गर्भवती महिलाओं तथा धात्री माताओं को एनीमिया से मुक्त करने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाती हैं।
उन्होंने बताया कि राजस्थान को एनीमिया मुक्त करने के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग अन्य विभागों के साथ मिलकर माह के प्रत्येक मंगलवार को शक्ति दिवस के रूप में आयोजित करता है। चिकित्सा संस्थानों, आंगनवाड़ी और स्कूलों में आयरन की खुराक दी जाती है। इस दौरान खून की कमी से ग्रस्त गर्भवतियों की पहचान कर उन्हें उपचार दिया गया और आवश्यकतानुसार उच्च संस्थान पर इलाज के लिए रेफर किया गया।
शक्ति दिवस के दौरान महिलाओं को एनीमिया से बचाव, परिवार नियोजन की जानकारी दी गई। उन्हें टीकाकरण के लिए प्रेरित करने के साथ मातृ स्वास्थ्य के प्रति भी जागरूक किया गया। आयोजन के माध्यम से बच्चों, किशोरियों और महिलाओं में एनीमिया की पहचान, उपचार और आयरन की खुराक उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।