सवाई माधोपुर, 21 सितंबर। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत सोमवार को जिले की छह नगरीय निकायों में सभापति और अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। नगर परिषद सवाई माधोपुर और गंगापुर सिटी में सभापति तथा नगरपालिकाओं बामनवास, वजीरपुर, बौंली एवं खण्डार में अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचित सदस्यों ने मतदान किया।

जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम के पर्यवेक्षण में पूरी निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हुई। पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी के निर्देशन में सभी नगरीय निकाय क्षेत्रों में सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था को लेकर पुख्ता इंतजाम किए गए।

जिले की छह नगरीय निकायों में अध्यक्ष पद के निर्वाचन के लिए कुल 215 निर्वाचक सदस्य थे, जिनमें से 212 ने मतदान किया। मतदान में सभी 212 मत वैध पाए गए।

नगर परिषद सवाई माधोपुर में भाजपा की मेवा चौधरी 43 मत प्राप्त कर सभापति पद पर निर्वाचित हुईं। रिटर्निंग अधिकारी ने उन्हें निर्वाचन प्रमाण-पत्र प्रदान किया। मेवा चौधरी ने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के शैलेन्द्र चौधरी को 28 मतों के अंतर से पराजित किया। शैलेन्द्र चौधरी को 15 मत प्राप्त हुए।

नगर परिषद गंगापुर सिटी में कांग्रेस के कृष्ण कुमार 37 मत प्राप्त कर सभापति पद पर निर्वाचित हुए। भाजपा के निकटतम प्रतिद्वंद्वी विजय कुमार गुप्ता को 23 मत मिले। कृष्ण कुमार ने 14 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।

नगरपालिका बामनवास में कांग्रेस की रेखा मीणा 12 मत प्राप्त कर अध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुईं। भाजपा की संतरा मीणा को 8 मत मिले। रेखा मीणा ने 4 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।

नगरपालिका वजीरपुर में भाजपा की जगनी 13 मत प्राप्त कर अध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुईं। कांग्रेस की दुलारी को 12 मत मिले। यहां जीत का अंतर 1 मत रहा।

नगरपालिका बौंली में भाजपा के रतनलाल गुर्जर 13 मत प्राप्त कर अध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुए। कांग्रेस के उम्मेद को 12 मत प्राप्त हुए। रतनलाल गुर्जर ने 1 मत के अंतर से जीत दर्ज की।

नगरपालिका खण्डार में भाजपा के राजेश कुमार 13 मत प्राप्त कर अध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुए। कांग्रेस के हंसराज बैरवा को 11 मत मिले। राजेश कुमार ने 2 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।

जिले के सभी नगरीय निकायों में निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान प्रशासन एवं पुलिस की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

अब उपाध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया 22 सितंबर, 2026 को होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि इस दिन प्रातः 10 बजे बैठक शुरू होगी। प्रातः 11 बजे तक नामांकन पत्र प्रस्तुत किए जा सकेंगे। इसके बाद प्रातः 11:30 बजे से नाम निर्देशन-पत्रों की संवीक्षा होगी। अपराह्न 2 बजे तक अभ्यर्थिता वापस ली जा सकेगी।

आवश्यक होने पर अपराह्न 2:30 बजे से सायं 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होते ही मतगणना की जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Tags: