तस्वीर में सीता माता विकास समिति की बैठक के दौरान चर्चा करते हुए ग्रामीण और सदस्य नजर आ रहे हैं।   

सवाई माधोपुर के निमली खुर्द स्थित अरावली पर्वत की ऊंची पहाड़ियों पर प्राचीन काल से विराजमान सीता माता जानकी मैया के प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले विराट मेले को लेकर सीता माता विकास समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेले की तैयारियों, कार्यक्रमों और विशाल भंडारे की व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की गई।

सीता माता विकास समिति के अध्यक्ष भैरूलाल मीना एवं मीडिया प्रभारी मुकेश मीना मांदल ने बताया कि बैठक में नीमली खुर्द, ग्राम पंचायत जीनापुर, ग्राम नीमली कला, ग्राम वजपुर, ग्राम पंचायत जुवाड़ एवं ग्राम पंचायत कुस्तला सहित विभिन्न क्षेत्रों के बड़े बुजुर्ग, पंच-पटेल एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में मेले को लेकर आवश्यक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

समिति के मीडिया प्रभारी मुकेश मीना मांदल ने बताया कि सीता माता विकास समिति के अध्यक्ष, सभी सदस्यों तथा बड़े बुजुर्गों और पंच-पटेलों ने मेले की तैयारियों को लेकर विचार-विमर्श किया। विराट मेले में आयोजित होने वाले विशाल भंडारे के लिए आवश्यक सामग्री की खरीदारी भी सीता माता विकास समिति के सदस्यों ने मिलकर की।

सीता माता जानकी मैया के विराट मेले का कार्यक्रम बारस बुधवार, दिनांक 23 सितंबर 2026 से शुरू होगा। इस दिन प्रातः 09:15 बजे से अखण्ड रामचरित्र मानस रामायण पाठ आयोजित किया जाएगा। इसका सौजन्य श्री हनुमान जी साहू, आलनपुर की ओर से रहेगा।

तेरस गुरुवार, दिनांक 24 सितंबर 2026 को प्रातः 11:00 बजे झंडा पूजन एवं मेले का शुभारंभ होगा। इसका सौजन्य श्री भरतलाल जी मीना, दोबड़ा खुर्द की ओर से रहेगा। इसी दिन रात्रि 09:00 बजे से प्रातः 05:00 बजे तक विराट भजन संध्या आयोजित होगी। भजन संध्या का सौजन्य भामाशाह श्री वीरेंद्र सिंह धाबाई एडवोकेट एवं जिला अध्यक्ष गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति की ओर से रहेगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्री भूरा भगत जी, प्रदेश उपाध्यक्ष गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति राजस्थान होंगे।

चौदस शुक्रवार, दिनांक 25 सितंबर 2026 को प्रातः 10:15 बजे विशाल कन्हैया दंगल लोकगीत समारोह आयोजित होगा। इसका सौजन्य श्री राजेश मीणा, सरपंच ग्राम पंचायत जीनापुर की ओर से रहेगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री प्रहलाद गुंजल, पूर्व विधायक कोटा होंगे, जबकि अध्यक्षता श्री अशोक बैरवा, पूर्व विधायक खंडार करेंगे। विशिष्ट अतिथि मुकेश मीणा, पूर्व प्रधान स. मा. होंगे।

25 सितंबर को ही रात्रि 09:00 बजे से प्रातः 05:00 बजे तक विशाल भजन संध्या आयोजित होगी। इसका सौजन्य शंकर लाल मीणा, मथुरापुर (शिव शंकर नर्सरी) की ओर से रहेगा।

पूर्णिमा शनिवार, दिनांक 26 सितंबर 2026 को मेले का समापन होगा। इस अवसर पर प्रातः 11:15 बजे विशाल भंडारा महाप्रसादी आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. श्री किरोड़ी लाल मीणा, राजस्थान सरकार के कृषि केबिनेट एवं बीजेपी राजस्थान सरकार के प्रदेश मंत्री श्री जितेन्द्र गोठवाल, विधायक खंडार विधानसभा क्षेत्र होंगे। विशिष्ट अतिथियों में नरेंद्र चौधरी, प्रधान खंडार, दीपक मीणा, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष और गोविन्द शुक्ला, पूर्व प्रधान खंडार शामिल रहेंगे।

मेले के विशाल भंडारे के लिए सहयोग भी प्राप्त हुआ है। आटा एवं चीनी का सहयोग श्री परशुराम मीना, पुत्र स्व. श्री कन्हैयालाल मीणा, ग्राम धमून खुर्द, पूर्व सरपंच ग्राम पंचायत जीनापुर की ओर से किया गया है। वहीं बेसन दाल का सहयोग श्री कमल सिंह मीणा, पुत्र स्व. श्री मियाराम मीणा, ग्राम नीमली खुर्द (MD एफसीआई गोदाम कोटा) की ओर से किया गया है। सीता माता जानकी मैया के विराट मेले में अन्य सहयोगकर्ताओं का भी सहयोग रहा।

सीता माता विकास समिति की बैठक में तय कार्यक्रम के अनुसार 23 सितंबर से शुरू होने वाले आयोजन 26 सितंबर 2026 को विशाल भंडारा महाप्रसादी के साथ संपन्न होंगे।

Tags: