गंगापुर सिटी: 'भारत को जानो' प्रतियोगिता संपन्न, विजेता प्रांतीय चरण में पहुंचे
नगर स्तरीय प्रश्न मंच में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कनिष्ठ और वरिष्ठ वर्ग के विद्यार्थी 4 अक्टूबर को करौली में आयोजित प्रांत स्तरीय स्पर्धा में भाग लेंगे।
तस्वीर में गंगापुर सिटी में आयोजित प्रतियोगिता में अतिथियों से पुरस्कार प्राप्त करते छात्र-छात्राएं दिख रहे हैं।
गंगापुर सिटी में भारत विकास परिषद की मुख्य शाखा की ओर से आयोजित ‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता का नगर स्तरीय चरण संपन्न हुआ। प्रतियोगिता के प्रथम चरण में 31 अगस्त 2026 को गंगापुर सिटी के 22 विद्यालयों के 2,136 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके बाद 20 सितंबर 2026 को पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, गंगापुर सिटी में नगर स्तरीय प्रश्न मंच प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें कनिष्ठ वर्ग के 16 विद्यालयों एवं वरिष्ठ वर्ग के 14 विद्यालयों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत मंचासीन अतिथि प्रांतीय दायित्वधारी श्री प्रमोद बोहरा, श्री अनिल खंडेलवाल, श्रीमती ज्योति गुप्ता, शाखा संरक्षक श्री अशोक कुमार बंसल, शाखा अध्यक्ष श्री रमेश चंद गुप्ता पट्टीवाले, शाखा सचिव श्री नरेंद्र कुमार गुप्ता, शाखा के वरिष्ठ सदस्य श्री मोतीलाल रावत, गतिविधि संयोजक श्री अनिल कुमार वैष्णव एवं प्रकल्प प्रभारी श्री राजेश कुमार गुप्ता ने मां भारती एवं विवेकानंद जी के चित्रपट के समक्ष दीप प्रज्वलन कर सामूहिक राष्ट्रगीत के साथ की।
इसके पश्चात परिषद के नियम के अनुसार प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें श्री संजेश कुमार गुप्ता, श्री अनिल खंडेलवाल, श्री भूपेश कुमार गुप्ता आदि ने सहयोग किया। प्रतियोगिता के परिणाम में वरिष्ठ वर्ग में डी.एस. पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, गंगापुर सिटी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, डिब्स्या द्वितीय तथा आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय, गुड़ाचंद्रजी तृतीय स्थान पर रहा।
कनिष्ठ वर्ग में स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल, गंगापुर सिटी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। डी.एस. पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, गंगापुर सिटी ने द्वितीय तथा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, मच्छीपुरा ने तृतीय स्थान हासिल किया।
नगर स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 4 अक्टूबर 2026 को करौली में आयोजित प्रांत स्तरीय ‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता में गंगापुर सिटी का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। वरिष्ठ वर्ग में मोनिका गुर्जर, पुत्री श्री मुनीम गुर्जर तथा अंकिता सैनी, पुत्री श्री भरत लाल सैनी का चयन हुआ। वहीं कनिष्ठ वर्ग में तनिष गुप्ता, पुत्र श्री संतोष गुप्ता तथा अनुष्का शर्मा, पुत्री श्री गोपाल लाल शर्मा प्रांत स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित हुए।
भारत विकास परिषद, गंगापुर सिटी की मुख्य शाखा की ओर से सभी विजेता विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों, विद्यालयों एवं मार्गदर्शक शिक्षकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम के पश्चात सभी सहभागी विद्यालय एवं छात्र-छात्राओं को मोमेंटो एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया तथा अल्पाहार दिया गया।
इस अवसर पर परिषद के श्री अश्विनी गुलाटी, श्री कैलाश चंद मित्तल, श्री दिनेश चंद गुप्ता (लाइब्रेरियन), श्रीमती सरोज गुप्ता, श्री देवेंद्र कुमार आर्य, श्री विनय कुमार गुप्ता, श्री सुरेश चंद जी शर्मा (Rtd. JEN) एवं श्री अशोक कुमार शर्मा आदि मौजूद रहे। मंच संचालन श्री राम दयाल मीणा ने किया। नगर स्तरीय चरण के परिणाम के बाद अब चयनित विद्यार्थी 4 अक्टूबर को करौली में होने वाली प्रांत स्तरीय ‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता में गंगापुर सिटी का प्रतिनिधित्व करेंगे।