तस्वीर में बाएं से दाएं अधिकारी और कार्मिक बैठक कक्ष में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग की योजनाओं की प्रगति पर चर्चा करते दिखाई दे रहे हैं।

जिला परिषद के नवपदस्थापित मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं आईएएस अधिकारी मोहित कासनिया ने गुरुवार को ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में गति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों से वन-टू-वन संवाद कर योजनाओं की वर्तमान स्थिति और क्रियान्वयन की जानकारी ली।

सीईओ कासनिया ने अमृत हाट बाजार, पोषण वाटिका, श्यामा प्रसाद मुखर्जी योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण, स्वामित्व, मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान एवं संपर्क पोर्टल सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, लंबित कार्यों के समयबद्ध निस्तारण तथा अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग की योजनाओं का लाभ पात्र ग्रामीणों तक समय पर पहुंचाना प्राथमिकता है। इसके लिए संबंधित अधिकारी नियमित मॉनिटरिंग करते हुए योजनाओं की प्रगति में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करें।

बैठक में अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलेन्द्र सिंह, अधीक्षण अभियंता वाटरशेड संजय माथुर सहित पंचायत समितियों के विकास अधिकारी उपस्थित रहे।

Tags: