63वें स्वैच्छिक रक्तदान शिविर की सफलता के लिए सेमिनार, विद्यार्थियों को किया जागरूक
हिंडौन सिटी में 23 अगस्त को 63वां स्वैच्छिक रक्तदान शिविर होगा। सेमिनार में रक्तदान की भ्रांतियां दूर कर लोगों से सहभागिता की अपील की गई।
हिंडौन सिटी में आगामी 23 अगस्त, रविवार को आयोजित होने वाले 63वें स्वैच्छिक रक्तदान शिविर की सफलता के लिए गोविंदम नर्सिंग कॉलेज में विद्यार्थियों का सेमिनार आयोजित किया गया। सेमिनार में रक्तदान को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करते हुए विद्यार्थियों और आमजन से अधिकाधिक स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की गई।
परिषद् के प्रांतीय सेवा गतिविधि संयोजक देवेन्द्र शर्मा ने सेमिनार को संबोधित करते हुए कहा कि रक्तदान करने से शारीरिक कमजोरी आने जैसी कोई परेशानी नहीं होती है। उन्होंने कहा कि यह जागरूकता की कमी और नकारात्मक विचार रखने वाले लोगों द्वारा फैलाया गया असत्य, मिथ्या भय, भ्रम और भ्रांति है।
देवेन्द्र शर्मा ने कहा कि भारत विकास परिषद् शाखा हिण्डौन सिटी द्वारा नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किए जाते हैं। प्रत्येक शिविर में नियमित रक्तदाताओं के साथ-साथ अधिकाधिक लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक किया जाता है। गोविंदम नर्सिंग कॉलेज के निदेशक गजानंद शर्मा ने विद्यार्थियों से शिविर में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहभागिता करने का आग्रह किया।
प्रांतीय संस्कार गतिविधि भारत को जानो सदस्य पंकज जैन ने कहा कि एक स्वस्थ व्यक्ति, जिसकी आयु 18 वर्ष से अधिक हो, वह प्रत्येक 3 माह के अंतराल में रक्तदान कर सकता है। उन्होंने रक्तदान को सबसे श्रेष्ठ और पुण्य कार्य बताते हुए कहा कि इससे चार जरूरतमंद व्यक्तियों की जान बचाई जा सकती है।
शाखा संगठन सचिव नरेश रामपुरा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि परिषद् द्वारा आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों में नियमित रक्तदाताओं के साथ-साथ कई परिषद् सदस्यों, मातृशक्ति और बच्चों द्वारा भी सहभागिता की जाती है। उन्होंने बताया कि परिषद् द्वारा विगत 21 वर्षों से नियमित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
सेमिनार को नर्सिंग कॉलेज के उप प्राचार्य भूपेंद्र शर्मा, दिलीप शर्मा, अनिल शर्मा और रजनी गुप्ता ने भी संबोधित किया तथा सभी को रक्तदान के लिए प्रेरित किया। सभी वक्ताओं ने विद्यार्थियों के साथ आमजन से रक्तदान शिविर में अधिकाधिक स्वैच्छिक रक्तदान करने और अन्य लोगों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित करने की अपील की।
शाखा रक्तदान प्रकल्प प्रभारी मोहित मित्तल ने बताया कि परिषद् द्वारा भामाशाह बृज किशोर शर्मा, निदेशक राजीव गांधी सर्वोदय विकास संस्थान, के सहयोग से उनके सुपौत्र रुद्रांश भारद्वाज, पुत्र भविष्य भारद्वाज, के प्रथम जन्मदिन पर आगामी 23 अगस्त को प्रातः 9 बजे से सायं 3 बजे तक जिला चिकित्सालय हिण्डौन सिटी में 63वां स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि शिविर में जयपुरिया अस्पताल जयपुर एवं जिला चिकित्सालय करौली की ब्लड बैंक रक्त संग्रहण करेंगी। शिविर की सफलता के लिए पोस्टर, बैनर, स्लाइड, सेमिनार और नुक्कड़ चर्चाओं सहित विभिन्न माध्यमों से सभी परिषद् सदस्यों और मातृशक्ति द्वारा नियमित प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।