नगरीय निकाय चुनाव-2026 की तैयारियों को लेकर काना राम सख्त, समयबद्ध कार्य के निर्देश
नगरीय निकाय चुनाव-2026 की तैयारियों की काना राम ने समीक्षा की, आचार संहिता, ईवीएम, प्रशिक्षण और मतदान केन्द्रों पर दिए सख्त निर्देश।
तस्वीर में कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारी बैठक के दौरान चर्चा करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला कलक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विभिन्न निर्वाचन प्रकोष्ठों के प्रभारी अधिकारियों की बैठक लेकर चुनावी तैयारियों की समीक्षा की और सभी कार्य समयबद्ध, सतर्कता एवं गंभीरता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने कहा कि नगरपालिका आम चुनाव एक समयबद्ध निर्वाचन प्रक्रिया है। सभी निर्वाचन प्रकोष्ठ निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अपने दायित्वों का समय पर निर्वहन करें। उन्होंने अधिकारियों को पूरी सतर्कता एवं गंभीरता से कार्य करने तथा निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की उदासीनता नहीं बरतने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 19 अगस्त को चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही जिले के संबंधित नगरीय निकाय क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है, जो निर्वाचन प्रक्रिया पूर्ण होने तक प्रभावी रहेगी। संबंधित विभागों को 24, 48 एवं 72 घंटे की समयसीमा में आदर्श आचार संहिता की पालना सुनिश्चित करनी होगी। आचार संहिता के दौरान नवीन विकास कार्य स्वीकृत नहीं किए जाएंगे। साथ ही राजनीतिक व्यक्तियों द्वारा राजकीय वाहनों, सर्किट हाउस एवं डाक बंगलों का उपयोग नहीं किया जा सकेगा।
काना राम ने निर्वाचन प्रशिक्षण को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि प्रशिक्षण जितना गुणवत्तापूर्ण होगा, निर्वाचन कार्य उतनी ही दक्षता से संपादित होगा। मतदान दलों एवं निर्वाचन कार्य में लगे सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों और निर्धारित प्रक्रियाओं का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया जाए। उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान किसी भी प्रकार का आतिथ्य स्वीकार नहीं करने के निर्देश भी दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने ईवीएम रेंडमाइजेशन, मांगी गई सूचनाओं की समय पर उपलब्धता, मतदान केन्द्रों के भौतिक सत्यापन, वल्नरेबल पॉकेट की पहचान तथा संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केन्द्रों के चिन्हीकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही नशीले पदार्थों के परिवहन एवं उपयोग की रोकथाम के लिए प्रभावी निगरानी और चौकसी रखने को कहा।
उन्होंने मतदान केन्द्रों का समयबद्ध भौतिक सत्यापन कर वहां पेयजल, विद्युत, छाया, रैंप, स्वच्छता सहित अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वृद्धजनों एवं विशेष योग्यजन मतदाताओं की सुविधा के लिए मतदान केन्द्रों पर व्हीलचेयर की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
काना राम ने चुनाव में अधिकाधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए स्वीप गतिविधियां प्रारंभ करने तथा मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश भी दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन कार्य में किसी प्रकार का व्यवधान नहीं आए, इसके लिए जिले में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों के अवकाश पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई गई है। महिला कार्मिकों को विशेष परिस्थितियों में संबंधित विभागाध्यक्ष अथवा कार्यालयाध्यक्ष द्वारा केवल एक-दो दिवस का अवकाश स्वीकृत किया जा सकेगा। अन्य अधिकारियों एवं कार्मिकों के लिए विशेष परिस्थितियों में अवकाश लेने से पहले सक्षम स्तर से पूर्व अनुमति प्राप्त करना अनिवार्य होगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन संबंधी आदेशों की अवहेलना करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। सभी अधिकारियों को निर्वाचन विभाग एवं राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का गहन अध्ययन करने तथा राज्य स्तरीय नोडल अधिकारियों के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजय शर्मा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहित कासनिया, उपखण्ड अधिकारी तथा विभिन्न निर्वाचन प्रकोष्ठों के प्रभारी अधिकारी उपस्थित रहे।