सवाई माधोपुर में 29 अक्टूबर को 'भविष्य की उड़ान' पहल के तहत सेवानिवृत्त शिक्षक ताराचंद वर्मा और विद्यालय स्टाफ ने सीडीईओ देवीलाल मीणा को 31 हजार रुपये का चेक सौंपा।

सवाई माधोपुर में राजकीय विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं के विकास और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए जनसहयोग मिल रहा है। जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग की पहल ‘भविष्य की उड़ान’ के तहत महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सारसोप के सेवानिवृत्त शिक्षक ताराचंद वर्मा ने विद्यालय विकास के लिए 31 हजार रुपये की सहयोग राशि प्रदान की।

29 अक्टूबर को इस राशि का चेक विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य तुलसीराम गोचर एवं विद्यालय स्टाफ ने मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना में जमा कराने के लिए सीडीईओ देवीलाल मीणा और एडीपीसी हरकेश लाल मीणा को सौंपा।

नवाचार प्रकोष्ठ समग्र शिक्षा के जिला प्रभारी हेमराज मीना ने बताया कि योजना के तहत जमा कराई गई 31 हजार रुपये की राशि पर राज्य सरकार की ओर से 46 हजार रुपये का राज्यांश मिलेगा। इस तरह विद्यालय को कुल 77 हजार रुपये प्राप्त होंगे। इस राशि से विद्यालय में कंप्यूटर, प्रिंटर सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं का विकास किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों के शैक्षणिक हितों को प्रोत्साहन मिलेगा।

सेवानिवृत्त शिक्षक ताराचंद वर्मा की इस पहल को शिक्षा के प्रति समर्पण और सामाजिक सहभागिता का उदाहरण बताया गया। ‘भविष्य की उड़ान’ पहल का उद्देश्य जनसहयोग के माध्यम से राजकीय विद्यालयों में विकास कार्यों को गति देना और उन्हें बेहतर शैक्षणिक संस्थानों के रूप में विकसित करना है।

इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी विनोद पारासर, विद्यालय स्टाफ के आकाश जैमन, जितेंद्र बैरवा तथा सेवानिवृत्त शिक्षक ताराचंद वर्मा सहित अन्य उपस्थित रहे।

Tags: