सवाई माधोपुर में पंचायतीराज चुनाव की मतगणना को लेकर प्रशासन ने कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाया है। मतगणना के दौरान और उसके बाद किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकने के उद्देश्य से जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला कलक्टर काना राम ने मतगणना स्थल के 500 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा लागू करने के आदेश जारी किए हैं।

पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव की मतगणना के मद्देनजर यह आदेश जारी किया गया है। जिला मजिस्ट्रेट ने राजस्थान कोलाहल नियंत्रण अधिनियम, 1963 की धारा 5 के तहत जारी आदेश में स्पष्ट किया है कि मतगणना दिवस एवं उसके पश्चात निर्धारित अवधि तक मतगणना स्थल के 500 मीटर के दायरे में कोई भी व्यक्ति अविधिक रूप से एकत्रित नहीं हो सकेगा। इस क्षेत्र में किसी भी प्रकार की आमसभा आयोजित करने की भी अनुमति नहीं होगी। विशेष एवं असाधारण परिस्थितियों में संबंधित उपखण्ड मजिस्ट्रेट से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य रहेगा।

आदेश के अनुसार, 20 नवम्बर को मतगणना के दौरान और मतगणना समाप्त होने के बाद ध्वनि विस्तारक यंत्रों, लाउडस्पीकर और डीजे का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इस प्रतिबंध के दायरे में राजनीतिक दल, प्रत्याशी, उनके कार्यकर्ता, समर्थक एवं सहयोगी भी शामिल हैं। इसके अलावा पटाखे चलाने और किसी भी प्रकार की आतिशबाजी करने पर भी पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।

प्रशासन ने मतगणना के परिणाम घोषित होने के बाद विजय जुलूस निकालने और जश्न मनाने के लिए समारोह आयोजित करने पर भी रोक लगाई है। मतगणना के दौरान तथा उसके पश्चात किसी भी राजनीतिक दल, प्रत्याशी, कार्यकर्ता, समर्थक अथवा सहयोगी को विजय जुलूस निकालने, समारोह आयोजित करने या सभा करने की अनुमति नहीं होगी।

जिला मजिस्ट्रेट काना राम ने स्पष्ट किया है कि निषेधाज्ञा की अवहेलना अथवा उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 223 एवं अन्य सुसंगत विधिक प्रावधानों के तहत अभियोजन की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन के इन आदेशों का उद्देश्य मतगणना और उसके बाद की अवधि में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखना तथा किसी भी अप्रिय स्थिति की आशंका को रोकना है।

Tags: