प्रधानमंत्री आवास योजना में देरी पर सख्त हुए CEO मोहित कासनिया, 200 अधूरे आवासों को जल्द पूरा करने के निर्देश
| सीईओ मोहित कासनिया ने 200 अधूरे आवासों के भौतिक सत्यापन, समय पर किस्त जारी करने और जीओ टैगिंग के निर्देश दिए ताकि निर्माण कार्य तेजी से पूरे हो सकें।
बैठक कक्ष में अधिकारी और कर्मचारी आवास योजना की समीक्षा बैठक करते दिख रहे हैं।
सवाई माधोपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अधूरे पड़े आवासों को लेकर जिला परिषद प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) मोहित कासनिया ने गुरुवार, 19 नवम्बर को पंचायत समिति सवाई माधोपुर से संबंधित प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) की समीक्षा बैठक लेकर आवास निर्माण कार्यों में तेजी लाने और लंबित आवासों को निर्धारित समय में पूरा कराने के निर्देश दिए।
बैठक में योजना के तहत स्वीकृत आवासों की प्रगति की समीक्षा की गई। सीईओ कासनिया ने संबंधित ग्राम सचिवों को निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों को नियमानुसार आवास निर्माण की किस्तें समय पर जारी करवाना सुनिश्चित करें, ताकि निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने सभी ग्राम सचिवों को व्यक्तिगत रुचि लेकर लंबित आवासों का निर्माण शीघ्र पूरा करवाने और योजना के निर्धारित लक्ष्यों को तय समयावधि में प्राप्त करने के निर्देश दिए।
सीईओ ने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अपूर्ण 200 आवासों का भौतिक सत्यापन करवाकर उन्हें तत्काल पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही, आवास निर्माण की प्रगति के अनुसार समय पर जीओ टैगिंग करवाने और लाभार्थियों को किस्त जारी करने की प्रक्रिया सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलेंद्र सिंह, पंचायत समिति सवाई माधोपुर के विकास अधिकारी रमेश चंद्र मीणा, आवास प्रभारी सहित संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।