सवाई माधोपुर जिले में पंचायती राज आम चुनाव-2026 के चौथे चरण के तहत 14 नवंबर को पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्य पदों के लिए मतदान होगा। जिले की चार पंचायत समितियों में निर्वाचन की तैयारियों के बीच राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक तय किया गया है।

निर्वाचन कार्यक्रम के तहत चौथे चरण में चौथ का बरवाड़ा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी एवं वजीरपुर पंचायत समितियों के पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्य पदों के लिए मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) के माध्यम से कराया जाएगा।

वहीं, तीसरे और चौथे चरण में शामिल पंचायत समिति सदस्य एवं जिला परिषद सदस्य पदों के चुनाव की मतगणना 20 नवंबर 2026 को होगी। मतगणना जिला मुख्यालय स्थित पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय साहूनगर में सुबह 8 बजे से शुरू की जाएगी।

इस प्रकार जिले में चौथे चरण के मतदान के बाद दोनों चरणों के पंचायत समिति एवं जिला परिषद सदस्य चुनावों के परिणामों की घोषणा के लिए 20 नवंबर की तिथि निर्धारित की गई है।

Tags: