सवाई माधोपुर: पचीपल्या में स्वच्छता अभियान 6.0 और पोषण माह पर कार्यक्रम
केंद्रीय संचार ब्यूरो और विद्यालय के सहयोग से जागरूकता रैली निकाली गई, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।
तस्वीर में विद्यालय परिसर में अधिकारियों और छात्रों का समूह बैनर के आगे खड़ा है।
सवाई माधोपुर के पचीपल्या में स्वच्छता अभियान 6.0 एवं राष्ट्रीय पोषण अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय केन्द्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय सवाई माधोपुर की ओर से राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पचीपल्या सवाई माधोपुर में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों और ग्रामीणजनों को स्वच्छता एवं पोषण के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रभारी जितेंद्र कुमार मीणा ने बताया कि राष्ट्रीय पोषण माह 9 सितम्बर से 8 अक्टूबर तक मनाया जा रहा है। इस वर्ष की थीम ‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ है। उन्होंने कहा कि बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं स्तनपान कराने वाली माताओं के स्वस्थ जीवन के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने लोगों से मोटे अनाज तथा मौसमी फल एवं सब्जियों का दैनिक भोजन में अधिक से अधिक सेवन करने का आह्वान किया।
विद्यालय की वरिष्ठ अध्यापक राकेश जांगिड़ ने स्वच्छता अभियान 6.0 के तहत लोगों से अपने घरों के साथ-साथ आसपास के सार्वजनिक स्थलों एवं संस्थानों की नियमित साफ-सफाई करने की अपील की। उन्होंने कहा, “जहाँ स्वच्छता है, वहाँ ईश्वर का वास है।” उन्होंने स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के लिए प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता को आवश्यक बताया।
केन्द्रीय संचार ब्यूरो, सवाई माधोपुर के प्रभारी अधिकारी नेमीचंद मीणा ने राष्ट्रीय पोषण अभियान एवं स्वच्छता अभियान 6.0 के उद्देश्यों एवं गतिविधियों की छात्र-छात्राओं को जानकारी दी। उन्होंने कहा कि घर एवं कार्यालयों में अनुपयोगी एवं कबाड़ वस्तुओं का पर्यावरण अनुकूल तरीके से निस्तारण किया जाना चाहिए। उन्होंने स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के विजेताओं को केन्द्रीय संचार ब्यूरो के क्षेत्रीय कार्यालय सवाई माधोपुर की ओर से पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं के सहयोग से जन जागरूकता रैली भी निकाली गई। रैली में छात्र-छात्राओं ने “आंगनबाड़ी से नाता जोड़ो, कहो कुपोषण भारत छोड़ो”, “हम सब ने मिलकर ठाना है, भारत को स्वच्छ बनाना है” इत्यादि स्लोगन के माध्यम से ग्रामीणजनों को स्वच्छता व पोषण का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने स्वच्छता की शपथ भी ली।
कार्यक्रम में विद्यालय के विकास मीणा, अशपाक खान, चंद्र प्रकाश शर्मा, अनीश मोहम्मद इत्यादि गणमान्य उपस्थित रहे। केन्द्रीय संचार ब्यूरो के राजवीर मीना और लालाराम चौधरी ने कार्यक्रम के आयोजन में सहयोग किया।