सवाई माधोपुर के आचार्य नानेश शिक्षक शिक्षा महाविद्यालय में आयोजित स्वास्थ्य परिचर्चा के दौरान चिकित्सक छात्राध्यापिकाओं को नशा मुक्ति की शपथ दिलाते हुए।

सवाई माधोपुर, 7 अक्टूबर। आचार्य नानेश शिक्षक शिक्षा महाविद्यालय में बुधवार को लायंस क्लब के तत्वावधान में स्वास्थ्य परिचर्चा आयोजित की गई, जिसमें विशेषज्ञ चिकित्सकों ने छात्राध्यापिकाओं को कैंसर, महिला स्वास्थ्य, दंत स्वास्थ्य एवं मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी। चिकित्सकों ने विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं के प्रारंभिक लक्षणों, बचाव के उपायों और समय पर उपचार के महत्व पर चर्चा की। परिचर्चा के दौरान छात्राध्यापिकाओं ने स्वास्थ्य संबंधी प्रश्न पूछे, जिनका चिकित्सकों ने समाधान किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। सामान्य चिकित्सालय सवाई माधोपुर के मनोचिकित्सक डॉ. गौरव चंद्रवंशी, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. कविता नंदवानी, जनरल फिजिशियन डॉ. लोकेश गुप्ता एवं दंत चिकित्सक डॉ. चंद्रमोहन ने अलग-अलग स्वास्थ्य विषयों पर जानकारी दी। लायंस क्लब की ओर से शैलेन्द्र कुमार जोशी, कपिल नामा, डॉ. चेतराम मीणा सहित अन्य चिकित्सक उपस्थित रहे।

डॉ. लोकेश गुप्ता ने गंभीर बीमारियों एवं कैंसर के प्रारंभिक लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने की बात कही। उन्होंने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, खान-पान पर ध्यान देने और नियमित स्वास्थ्य जांच की आवश्यकता बताई। दंत चिकित्सक डॉ. चंद्रमोहन ने दांत एवं मुंह की स्वच्छता, मुंह के कैंसर के संभावित लक्षणों तथा बचाव के उपायों की जानकारी दी।

स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. कविता नंदवानी ने महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर चर्चा करते हुए गर्भाशय के कैंसर सहित विभिन्न रोगों के संभावित कारणों एवं बचाव के बारे में बताया। उन्होंने स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने तथा भ्रांतियों से बचने का आह्वान किया।

मनोचिकित्सक डॉ. गौरव चंद्रवंशी ने तनाव, चिंता एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी जरूरी है। समय पर परेशानी साझा करने एवं आवश्यकता होने पर विशेषज्ञ से परामर्श लेने से मानसिक समस्याओं के समाधान में मदद मिल सकती है। उन्होंने छात्राध्यापिकाओं को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई तथा नशे से परिवार पर पड़ने वाले आर्थिक एवं मानसिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।

महाविद्यालय निदेशक मुकेश जैन, डॉ. सुनील कुमार जैन एवं प्राचार्य डॉ. निधि जैन ने चिकित्सकों एवं लायंस क्लब टीम का स्वागत किया। प्राचार्य डॉ. निधि जैन ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को विशेषज्ञों से सीधे स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त करने का उपयोगी अवसर प्रदान करते हैं। कार्यक्रम का संचालन प्रभारी छोटूलाल सैनी ने किया।

Tags: