सवाई माधोपुर के राजकीय विद्यालय मैदपुरा में विकास कार्यों के लिए 60 हजार रुपये की सहयोग राशि का चेक शिक्षा अधिकारियों को सौंपते प्रधानाध्यापक और अन्य।   

सवाई माधोपुर, 22 अक्टूबर। राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय मैदपुरा में भौतिक विकास कार्यों के लिए ग्रामवासी भामाशाहों ने 60 हजार रुपये की सहयोग राशि प्रदान की है। मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना के तहत इस राशि पर लगभग 90 हजार रुपये का अतिरिक्त राज्यांश उपलब्ध कराया जाएगा। इससे विद्यालय को विकास कार्यों के लिए कुल लगभग 1 लाख 50 हजार रुपये प्राप्त होंगे।

विद्यालय विकास के लिए प्राप्त 60 हजार रुपये की सहयोग राशि का चेक जमा कराने के लिए प्रधानाध्यापक आशीष राजोरा ने मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी (सीडीईओ) देवी लाल मीणा एवं अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक (एडीपीसी), समग्र शिक्षा हरकेश मीणा को सौंपा।

जिले में शिक्षा के क्षेत्र में जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग की ओर से संचालित अभिनव पहल ‘भविष्य की उड़ान’ और मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना ग्रामीण क्षेत्रों के राजकीय विद्यालयों के भौतिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

एडीपीसी हरकेश मीणा ने कहा कि ‘भविष्य की उड़ान’ नवाचार के तहत स्थानीय समुदाय, भामाशाहों एवं विद्यालय स्टाफ की सक्रिय भागीदारी से शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव संभव हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय विकास में समाज की सहभागिता से न केवल भौतिक संसाधन मजबूत होते हैं, बल्कि विद्यालय एवं समुदाय के बीच बेहतर जुड़ाव भी स्थापित होता है।

कार्यक्रम अधिकारी, समग्र शिक्षा हेमराज मीणा के अनुसार, मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना के प्रावधानों के तहत विद्यालय को प्राप्त 60 हजार रुपये की जनसहयोग राशि पर लगभग 90 हजार रुपये का अतिरिक्त राज्यांश उपलब्ध कराया जाएगा। इस तरह विद्यालय को विकास कार्यों के लिए कुल लगभग 1 लाख 50 हजार रुपये की राशि मिलेगी।

उन्होंने बताया कि उपलब्ध राशि का उपयोग विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए आवश्यक मरम्मत कार्यों सहित अन्य भौतिक संसाधनों के विकास में किया जाएगा। ग्रामवासियों और भामाशाहों के सहयोग से मिलने वाली इस राशि से मैदपुरा स्कूल में आवश्यक सुविधाओं और संसाधनों के विकास का मार्ग प्रशस्त होगा।

Tags: