नवगठित पंचायत समिति वजीरपुर को मिलेगी रफ्तार, विकास अधिकारी ने भवनों का लिया जायजा
नवगठित वजीरपुर पंचायत समिति के संचालन से पहले प्रशासनिक तैयारियों के तहत विकास अधिकारी ने बड़ौली और मीना बड़ौदा पंचायतों में आवास योजना के कार्यों का जायजा लिया।
विकास अधिकारी डॉ. जगदीश गुर्जर ग्राम पंचायत मीना बड़ौदा में प्रस्तावित अस्थाई भवन एवं विकास कार्यों का निरीक्षण करते हुए।
गंगापुर सिटी/वजीरपुर। नवगठित पंचायत समिति वजीरपुर के शीघ्र संचालन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पंचायत समिति गंगापुर सिटी के विकास अधिकारी डॉ. जगदीश गुर्जर ने मंगलवार को प्रस्तावित अस्थाई भवन का अवलोकन कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इसके बाद डॉ. जगदीश गुर्जर ने ग्राम पंचायत बड़ौली एवं मीना बड़ौदा का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), स्वच्छ भारत मिशन, जल संचयन, जन अभियान, कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान तथा वीबीजी रामजी योजना सहित विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं के कार्यों का भौतिक सत्यापन किया।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत कई आवास बकाया एवं अपूर्ण मिलने पर विकास अधिकारी डॉ. जगदीश गुर्जर ने नाराजगी जताई। उन्होंने दोनों ग्राम पंचायतों के ग्राम विकास अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने तथा बकाया आवासों को अतिशीघ्र गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने के सख्त निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान डॉ. गुर्जर ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने की है। सभी संबंधित अधिकारी निर्देशानुसार कार्य करते हुए पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नवगठित पंचायत समिति वजीरपुर के शीघ्र संचालन की दिशा में प्रस्तावित अस्थाई भवनों के अवलोकन और विभिन्न योजनाओं के भौतिक सत्यापन को प्रशासनिक तैयारियों के महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है।