तस्वीर में सवाई माधोपुर के घर में दिव्यांग लाभार्थी के दस्तावेज जांचते विभागीय कर्मी।

सवाई माधोपुर, 28 सितम्बर। विकसित भारत जन सेवा अभियान-2026 के तहत ग्राम पंचायत सारसोप में आयोजित गिरदावर सर्किल स्तर के शिविर में संवेदनशील प्रशासन की मिसाल सामने आई। सारसोप निवासी दिव्यांग पेंशन लाभार्थी सोनू वर्मा का पेंशन सत्यापन फिंगरप्रिंट एवं फेस वेरिफिकेशन के माध्यम से नहीं हो पा रहा था। शिविर में समस्या सामने आते ही सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के कार्मिक राजकुमार मीणा ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।

विभागीय कार्मिक लाभार्थी सोनू वर्मा के घर पहुंचे और भौतिक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद पंचायती राज विभाग की पेंशन शाखा से समन्वय कर ओटीपी के माध्यम से सत्यापन की प्रक्रिया पूर्ण करवाई गई। सोनू वर्मा मुख्यमंत्री विशेष योग्यजन पेंशन योजना के लाभार्थी हैं तथा उनके अभिलेख में 85 प्रतिशत दिव्यांगता दर्ज है।

सत्यापन पूरा होने के बाद सोनू वर्मा को पेंशन संबंधी कार्य के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने और अतिरिक्त आवागमन से राहत मिली। फिंगरप्रिंट एवं फेस वेरिफिकेशन में तकनीकी बाधा आने के बावजूद वैकल्पिक व्यवस्था के माध्यम से पात्र लाभार्थी तक सेवा पहुंचाई गई।

समय पर समाधान मिलने पर लाभार्थी सोनू वर्मा ने राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। तकनीकी बाधा के बीच विभागीय कार्मिकों का लाभार्थी के घर पहुंचकर सत्यापन करना और संबंधित शाखा से समन्वय कर प्रक्रिया पूरी कराना सुशासन और संवेदनशील प्रशासन का प्रभावी उदाहरण बना।

Tags: