उपनिरीक्षक धर्मेंद्र चौधरी, पीड़ित सुरेंद्र बैरवा और कांस्टेबल महेश चंद सवाई माधोपुर साइबर थाने में खड़े हैं।   

सवाई माधोपुर। सस्ते दाम पर डीजल उपलब्ध कराने का झांसा देकर साइबर ठगों ने सुरेंद्र बैरवा से 1,10,030 रुपये की ठगी कर ली। मामले में सवाई माधोपुर साइबर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगी की राशि पीड़ित के खाते में रिफंड कराने में सफलता हासिल की। पुलिस ने संदिग्ध बैंक खातों में राशि होल्ड करवाकर पीड़ित को राहत दिलाई।

पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर ज्येष्ठा मैत्रेयी आईपीएस के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर नेहा अग्रवाल और साइबर थाना प्रभारी जयप्रकाश अटल के सुपरविजन में साइबर पुलिस टीम ने साइबर क्राइम की शिकायत पर कार्रवाई की। टीम ने परिवादी सुरेंद्र बैरवा पुत्र रामकुंवार बैरवा के साथ सस्ते दाम पर डीजल देने के नाम पर हुई 1,10,030 रुपये की ठगी की राशि वापस दिलाने में सफलता प्राप्त की।

घटना के विवरण के अनुसार, 11 जून 2026 को परिवादी सुरेंद्र बैरवा ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि किसी अज्ञात साइबर ठग ने सस्ते दाम पर डीजल देने का झांसा देकर कॉल किया और उनसे 1,10,030 रुपये की ठगी कर ली। शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना पुलिस ने कार्रवाई शुरू की और विभिन्न बैंकों के नोडल अधिकारियों से संपर्क किया। पुलिस ने संदिग्ध खातों में परिवादी की राशि तत्काल होल्ड करवाई और उसे वापस उनके खाते में रिफंड कराने में सफलता हासिल की।

इस कार्रवाई में साइबर थाना सवाई माधोपुर के धर्मेंद्र चौधरी, उपनिरीक्षक और महेश चंद, कांस्टेबल नंबर 1409 की भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि साइबर अपराधों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है।

पुलिस ने आमजन से साइबर ठगी से बचने के लिए सावधानी बरतने की अपील की है। अनजान नंबरों से सरकारी विभाग या अस्पताल की सप्लाई के नाम पर आने वाली फोन कॉल से सतर्क रहने की सलाह दी गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि खाते में पैसे प्राप्त करने के लिए किसी भी ऐप पर पिन डालने या फोन पर बार-बार क्लिक करने अथवा लिंक खोलने की जरूरत नहीं होती।

पुलिस ने साइबर ठगी होने पर बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करने या cybercrime-gov- पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की है। साथ ही आमजन को निवेश के नाम पर पैसे कमाने और सस्ती दरों पर सामान खरीदने के लालच में आकर रकम ट्रांसफर नहीं करने की सलाह दी गई है। किसी भी तरह की साइबर ठगी होने पर राजस्थान साइबर हेल्प डेस्क के नंबर 9256001930 और 9257510100 पर संपर्क करने की अपील की गई है।

Tags: