सवाई माधोपुर के विवेकानंदपुरम छात्रावास में जनजातीय गौरव दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित होते युवा।

सवाई माधोपुर में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के माय भारत केंद्र की ओर से जनजातीय गौरव दिवस आयोजित किया गया। विवेकानंदपुरम छात्रावास में हुए इस कार्यक्रम में युवाओं को भगवान बिरसा मुंडा के जीवन संघर्ष, साहस, सामाजिक चेतना और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान से परिचित कराया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं भगवान बिरसा मुंडा के चित्रों पर माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर शिक्षाविद् एवं वरिष्ठ समाजसेवी मोहन लाल कौशिक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए भगवान बिरसा मुंडा के संघर्षपूर्ण जीवन, अदम्य साहस, सामाजिक चेतना और देश के लिए उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं से भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा समाज एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान जिला युवा अधिकारी (DYO) ने युवाओं को माय भारत पोर्टल से जुड़कर विभिन्न सामाजिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने माय भारत की गतिविधियों की जानकारी सोशल मीडिया एवं इंस्टाग्राम के माध्यम से अधिकाधिक युवाओं तक पहुंचाने की अपील की। साथ ही डिजिटल माध्यमों का सकारात्मक उपयोग करने पर जोर दिया।

इस अवसर पर छात्रावास अधीक्षक अमर सिंह ने उपस्थित युवाओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में आयोजित सांस्कृतिक गतिविधियों के प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने के लिए माय भारत की टी-शर्ट वितरित की गईं।

जनजातीय गौरव दिवस के तहत आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में युवाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में कनिष्क गुर्जर ने प्रथम, सुरज्ञान मीना ने द्वितीय और रूपसिंह गुर्जर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। तीनों विजेताओं को माय भारत शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन माय भारत स्वयंसेवक हेमंत शर्मा ने किया। आयोजन का उद्देश्य युवाओं में जनजातीय गौरव, स्वतंत्रता संग्राम के नायकों के प्रति सम्मान, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्र निर्माण की भावना को प्रोत्साहित करना रहा। इस दौरान माय भारत केंद्र के स्वयंसेवक शिवानी भारद्वाज, रिंकी संगत, मनोज कुमार महावर सहित क्षेत्र के अन्य युवा उपस्थित रहे।

Tags: