जनसहभागिता से सांचोली विद्यालय को मिलेगा विकास का नया आधार, 51 हजार के दान पर सरकार देगी करीब 76 हजार रुपये
सवाई माधोपुर के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सांचोली को ग्रामीणों ने 51 हजार रुपये का दान दिया। योजना के तहत सरकार करीब 76 हजार रुपये जोड़कर विकास कार्यों को गति देगी।
तस्वीर में बाएं से दाएं कार्यालय में नीले कपड़े से ढकी मेज के पीछे खड़े चार पुरुष चेक और दस्तावेज सौंपते हुए नजर आ रहे हैं।
जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिले में संचालित अभिनव पहल “भविष्य की उड़ान” तथा मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में भौतिक एवं शैक्षिक संसाधनों के विकास का प्रभावी माध्यम बन रही है। इसी क्रम में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सांचोली के विकास के लिए ग्रामीणों ने जनभागीदारी का उल्लेखनीय उदाहरण प्रस्तुत करते हुए विद्यालय को 51 हजार रुपये की सहयोग राशि दान स्वरूप प्रदान की है।
ग्रामीणों की ओर से प्रदत्त सहयोग राशि का चेक विद्यालय के प्रधानाचार्य लल्लू लाल मीणा ने मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना के अंतर्गत जमा कराने के लिए अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक दिनेश कुमार गुप्ता को सौंपा। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी से शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन संभव हो रहे हैं तथा विद्यालयों को आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण सहयोग मिल रहा है।
कार्यक्रम अधिकारी, समग्र शिक्षा हेमराज मीणा ने बताया कि मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना के प्रावधानों के अनुसार प्राप्त 51 हजार रुपये की जनसहयोग राशि पर राज्य सरकार की ओर से लगभग 76 हजार रुपये का अतिरिक्त राज्यांश उपलब्ध कराया जाएगा। इस प्रकार विद्यालय को विकास कार्यों के लिए कुल लगभग 1 लाख 27 हजार रुपये की राशि प्राप्त होगी।
उन्होंने बताया कि इस राशि का उपयोग विद्यालय परिसर की चारदीवारी की मरम्मत एवं आवश्यक विस्तार कार्यों पर किया जाएगा। इससे विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ होगी और विद्यार्थियों को सुरक्षित तथा बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सकेगा। जनसहभागिता के माध्यम से विद्यालय के भौतिक विकास की यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।