तस्वीर में कोटा रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल के दो जवान एक यात्री को उसका बरामद बैग और नकदी सौंपते हुए नजर आ रहे हैं।

कोटा रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल की सतर्कता और तत्परता से ट्रेन में छूटा यात्री का बैग सुरक्षित बरामद कर उसके मालिक को सही-सलामत लौटा दिया गया। ऑपरेशन अमानत के तहत गाड़ी संख्या 12402 नन्दादेवी एक्सप्रेस में छूटे बैग में 64,000 रुपये नकद, जरूरी दस्तावेज, दवाइयां और 8 जीबी की पेन ड्राइव सहित करीब 65,000 रुपये की सामग्री थी।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ जैन ने बताया कि उपनिरीक्षक सूरज सिंह परमार मय स्टाफ कोटा स्टेशन पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान गाड़ी संख्या 12402 नन्दादेवी एक्सप्रेस के कोटा आगमन पर ड्यूटी पर तैनात यात्रा टिकट परीक्षक श्री मदन मोहन राजपूत ने कोच संख्या ए-3 की सीट संख्या 05 पर एक लावारिस बैग पड़े होने की सूचना दी।

सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल के जवान कोच में पहुंचे और बैग को अपने कब्जे में ले लिया। यात्रा टिकट परीक्षक की मौजूदगी में बैग की जांच करने पर उसमें 64,000 रुपये नकद, एक आधार कार्ड, एक वोटर आईडी, दवाइयां और 8 जीबी की एक पेन ड्राइव मिली। बैग में रखे सामान की कुल कीमत करीब 65,000 रुपये थी।

कोच में मौजूद यात्रियों से पूछताछ के बावजूद बैग के मालिक का पता नहीं चल सका। इसके बाद बैग को सुरक्षित रूप से रेलवे सुरक्षा बल कोटा पोस्ट पर जमा करा दिया गया।

कुछ समय बाद पीयुस गुप्ता, उम्र 20 वर्ष, निवासी नई दिल्ली, रेलवे सुरक्षा बल कोटा पोस्ट पहुंचे। उन्होंने बताया कि गाड़ी संख्या 12402 के ए-3 कोच में उनका बैग भूलवश छूट गया है। आवश्यक सत्यापन के बाद गवाहों की मौजूदगी में बैग की पहचान की गई और उसे यात्री पीयुस गुप्ता को सही-सलामत सुपुर्द कर दिया गया।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने सामान, नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेजों का विशेष ध्यान रखें। ट्रेन से उतरते समय सीट और आसपास के स्थान की जांच कर अपना सामान साथ ले जाना सुनिश्चित करें। कोटा स्टेशन पर ऑपरेशन अमानत के तहत की गई इस कार्रवाई से यात्री को उसका जरूरी सामान सुरक्षित वापस मिल सका।

Tags: