जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार का अवसर सामने आया है। भारतीय सुरक्षा दस्ता परिषद नई दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में एसआईएस सिक्योरिटी की ओर से सुरक्षा जवान, सुरक्षा सुपरवाइजर एवं सुरक्षा अधिकारी के 470 पदों पर भर्ती के लिए 18 अगस्त से भर्ती कैंप आयोजित किए जाएंगे। पंचायत समिति स्तर पर अगस्त और सितंबर माह में अलग-अलग तिथियों पर होने वाले इन शिविरों का समय प्रातः 10 बजे से अपराह्न 3 बजे तक रहेगा।

कमांडेंट कार्यालय राकेश चौधरी ने बताया कि 18 एवं 19 अगस्त को पंचायत समिति बौंली, 20 एवं 21 अगस्त को पंचायत समिति मलराना डूंगर तथा 24 एवं 25 अगस्त को पंचायत समिति बामनवास में भर्ती कैंप आयोजित होगा। इसी प्रकार 21 और 31 अगस्त को पंचायत समिति गंगापुर सिटी, 1 एवं 2 सितंबर को पंचायत समिति सवाई माधोपुर तथा 3 सितंबर को पंचायत समिति खण्डार में भर्ती कैंप आयोजित किए जाएंगे।

भर्ती प्रक्रिया में सुरक्षा जवान के पद के लिए 10वीं कक्षा उत्तीर्ण बेरोजगार युवाओं की आयु 19 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। अभ्यर्थी की ऊंचाई 168 से 170 सेंटीमीटर तथा वजन 55 से 90 किलोग्राम होना आवश्यक है। अभ्यर्थियों को 10वीं-12वीं सहित समस्त शैक्षिक एवं प्रशैक्षिक योग्यता की अंक सूची, आधार कार्ड, पैन कार्ड की फोटोकॉपी एवं दो पासपोर्ट साइज फोटो के साथ भर्ती कैंप में उपस्थित होकर आवेदन करना होगा। अधिक जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 9528537814 पर संपर्क किया जा सकता है।

कमांडेंट चौधरी ने बताया कि चयनित युवाओं को भारत सरकार एवं राजस्थान के चित्तौड़गढ़, कुंभलगढ़ एवं रणथम्भौर के किलों, आगरा किला और ताज महल, विभिन्न धार्मिक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहरों, आईएम कॉलेज, सिंघानिया यूनिवर्सिटी, पेसिफिक हॉस्पिटल अस्पताल, जेसीबी जयपुर, ताज होटल, गुजरात के अहमदाबाद, राजकोट एवं गांधीनगर में व्यावसायिक प्रतिष्ठानों सहित निजी क्षेत्र में नियुक्ति दी जाएगी।

सुरक्षा जवान को 15 हजार से 22 हजार रुपये तथा स्नातक पास सुरक्षा सुपरवाइजर को 18 हजार से 25 हजार रुपये मासिक वेतन के साथ नौकरी प्रदान की जाएगी। यह नियुक्ति 65 वर्ष की आयु तक जारी रह सकती है। सुरक्षा कार्मिकों को पीएफ, पेंशन, जीवन बीमा, मेडिकल, सालाना वेतन वृद्धि, प्रमोशन, आवास एवं मेस जैसी सुविधाएं भी दी जाएंगी।

जिले में निर्धारित तिथियों पर होने वाले भर्ती कैंप के माध्यम से सुरक्षा क्षेत्र में 470 पदों पर चयन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए आवश्यक शैक्षिक दस्तावेज और पहचान संबंधी कागजात के साथ निर्धारित समय पर संबंधित पंचायत समिति स्तर के भर्ती कैंप में पहुंचना जरूरी होगा।

Tags: