तस्वीर में श्रीसीताराम मंदिर प्रांगण में गंगापुर सिटी की तिरंगा रैली की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में बैठे विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के प्रबुद्धजन नजर आ रहे हैं।

गंगापुर सिटी। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में गंगापुर सिटी में 14 अगस्त 2026 को शाम 4 बजे श्रीसीताराम जी मंदिर, पुरानी अनाज मंडी से विशाल तिरंगा रैली निकाली जाएगी। रैली की तैयारियों को लेकर सोमवार को श्रीसीताराम मंदिर पुरानी अनाज मंडी प्रांगण में आवश्यक बैठक आयोजित हुई, जिसमें शहर के विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक, शैक्षणिक और व्यापारिक संगठनों के प्रबुद्धजनों सहित शहरवासी मौजूद रहे।

बैठक का आयोजन भाजपा जिलाध्यक्ष मानसिंह गुर्जर के निर्देशन में किया गया। इसमें जिला समिति सदस्य एवं निवर्तमान सभापति शिवरतन अग्रवाल, शिक्षाविद एवं ब्राह्मण समाज अध्यक्ष डॉ. हेमंत शर्मा तथा भाजपा जिला उपाध्यक्ष दीपक सिंघल की विशेष उपस्थिति रही। आयोजन के मीडिया एवं प्रचार-प्रसार प्रभारी धनेश शर्मा ने बताया कि बैठक में तिरंगा रैली की तैयारियों और आयोजन को लेकर सर्वसम्मति से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार तिरंगा रैली श्रीसीताराम जी मंदिर, पुरानी अनाज मंडी से प्रारंभ होकर शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए पंचायत समिति के सामने, कोर्ट सर्किल, कचहरी रोड, सब्जी मंडी के सामने से व्यापार मंडल, देवी स्टोर चौराहा, खारी बाजार, चौपड़ बाजार, चौंक वाले बालाजी, कैलाश टॉकीज और फव्वारा चौक पहुंचेगी। इसके बाद रैली पुनः श्रीसीताराम जी मंदिर पहुंचेगी, जहां राष्ट्रगान और अल्पाहार के साथ इसका समापन किया जाएगा।

आयोजन की शुरुआत में जिला समिति सदस्य दीपक सिंघल ने कार्यक्रम के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। इसके बाद विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक, शैक्षणिक एवं व्यापारिक संगठनों के प्रबुद्धजनों ने अपने सुझाव रखे। आयोजन जिला समिति सदस्य एवं ब्राह्मण समाज अध्यक्ष डॉ. हेमंत शर्मा ने पुरानी अनाज मंडी स्थित सीताराम जी मंदिर से रैली शुरू कर शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए पुनः श्रीसीताराम जी मंदिर पर राष्ट्रगान एवं अल्पाहार के साथ भव्य तिरंगा यात्रा के समापन का सुझाव दिया, जिस पर सभी की सहमति बनी।

स्कूल शिक्षा परिवार अध्यक्ष नीटू सिंह और जिलाध्यक्ष शिक्षाविद डॉ. अनुज शर्मा ने अपने-अपने समस्त निजी शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज और पूर्ण गणवेश के साथ रैली में शामिल कराने की सहमति प्रदान की। मण्डी समिति के महेश गुप्ता और गोपाल अग्रवाल ने कार्यक्रम के शुभारंभ स्थल श्रीसीताराम मंदिर की भव्य सजावट तथा अधिक से अधिक शहरवासियों को तिरंगा रैली में शामिल करने के लिए सकारात्मक प्रयास करने का सुझाव दिया।

भारत विकास परिषद के प्रांतीय संगठन सचिव आदित्य भारद्वाज ने भाविप की समस्त शाखाओं के सदस्यों के सपरिवार रैली में शामिल होने की सहमति दी। वहीं एडवोकेट संदीप जैमिनी ने शहर की बार एसोसिएशन के समस्त अधिवक्ताओं के सपरिवार रैली में शामिल होने का विश्वास दिलाया।

बैठक में रैली के दौरान देशभक्ति गीतों की धुन के लिए डीजे की व्यवस्था, गुलकंदी विद्यालय के घोषवादन, पूर्व सैनिकों का सम्मान तथा उन्हें रैली की अग्रिम पंक्ति में शामिल करने पर सहमति बनी। साथ ही संपूर्ण रैली में महिलाओं और युवाओं की अधिकतम संख्या सुनिश्चित करने तथा पूरे आयोजन के दौरान राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान का विशेष ध्यान रखने का निर्णय लिया गया। अनुशासन व्यवस्था के दृष्टिकोण से प्रशासन के सहयोग के साथ स्काउट गाइड्स और एनसीसी विद्यार्थियों का सहयोग लेने पर भी सहमति बनी।

सामाजिक कार्यकर्ता कुसुम गुप्ता और सावित्री शर्मा ने संपूर्ण शहर की महिलाओं से तिरंगा रैली में शामिल होने का आह्वान किया। आयोजन की भव्य सफलता के लिए स्थानीय उपखंड स्तर पर आयोजन समिति का गठन भी सर्वसम्मति से किया गया। समिति में संयोजक के रूप में जिलाध्यक्ष स्कूल शिक्षा परिवार एवं शिक्षाविद डॉ. अनुज शर्मा को जिम्मेदारी दी गई। वहीं महेश गुप्ता सर्वेयर, डॉ. राहुल गर्ग, आदित्य भारद्वाज, एडवोकेट संदीप जैमिनी, केके मंगल, सावित्री शर्मा, कुसुम गुप्ता और राधा दीक्षित को आयोजन समिति सदस्य की जिम्मेदारी दी गई।

बैठक के अंत में जिला संयोजक एवं निवर्तमान सभापति शिवरतन अग्रवाल तथा स्थानीय उपखंड संयोजक डॉ. अनुज शर्मा ने संयुक्त रूप से कहा कि यह भव्य रैली राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं तिरंगे के सम्मान को समर्पित होगी। उन्होंने शहर के समस्त शिक्षण संस्थानों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, राजनीतिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों तथा गंगापुर सिटी के समस्त शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर तिरंगा रैली को भव्य, विशाल एवं ऐतिहासिक बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देने का आह्वान किया।

बैठक के अंत में उपस्थित सभी प्रबुद्धजनों ने आपसी सहयोग और सामंजस्य के साथ भव्य तिरंगा रैली को सफल बनाने का संकल्प लिया। तैयारी बैठक में शिक्षाविद राजकुमार उपाध्याय, मनव सेवा संस्थान के विजय गोयल, व्यापार मंडल समिति के गोपाल अग्रवाल, महेश गुप्ता, ब्राह्मण समाज उपाध्यक्ष वासुदेव शर्मा मेड़ी, भाविप के मदनमोहन गौतम, भाजपा के रामसिंह खटाना, मनोज बंसल, रामभरोसी वैष्णव, सूरजमल जाट, गोविंद गुप्ता, चिरंजी लोधा, मुकेश प्रजापत, नानकचंद गोयल, दिलीप पंवार, पार्षद गोविंद पाराशर, गौरव मंगल, वेदप्रकाश शर्मा, स्काउट गाइड्स के सूरेश चंद शर्मा, सारांश जैन, व्यापारिक संगठनों से विष्णु ट्रांसपोर्ट सहित लायंस क्लब, भारत विकास परिषद, महिला जागृति संस्थान, स्कूल शिक्षा परिवार सहित अनेक सामाजिक, व्यापारिक, राजनीतिक संगठनों एवं शिक्षण संस्थानों के प्रबुद्धजनों और शहरवासियों की उपस्थिति रही।

Tags: