गंगापुर सिटी: 70वीं राज्य स्तरीय विद्यालयी कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ
सवाई माधोपुर के शुभम मॉडर्न स्कूल में आयोजित इस प्रतियोगिता में राजस्थान के विभिन्न जिलों की 83 टीमों के लगभग 1000 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
गंगापुर सिटी में राज्य स्तरीय विद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह मंच पर उपस्थित अतिथि।
गंगापुर सिटी में 70वीं राज्य स्तरीय विद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिता 2026-27 के अंतर्गत 14 वर्ष आयु वर्ग की कबड्डी छात्र एवं छात्रा प्रतियोगिता का शुभारंभ शुभम मॉडर्न सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हिंडौन-करौली बाईपास, गंगापुर सिटी में समारोहपूर्वक हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन जिला सवाई माधोपुर में किया जा रहा है। उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट कर प्रतियोगिता ध्वज को सलामी दी और विद्यालय के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर वातावरण को उत्साह और उमंग से भर दिया।
समारोह के मुख्य अतिथि गंगापुर सिटी के उप जिला कलेक्टर श्री विनोद कुमार रहे, जबकि अध्यक्षता जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक शिक्षा मुख्यालय सवाई माधोपुर श्री देवीलाल मीणा ने की। विशेष अतिथियों के रूप में राजेन्द्री मीणा, अनुज शर्मा, अध्यक्ष निजी शिक्षण संस्थान उमेश कुमार शर्मा, डीएस साइंस एकेडमी के निदेशक, डॉ. आरसी मीणा, डॉ. कपिल मीणा, डॉ. अभिषेक तथा शिक्षा, खेल एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। लखनलाल मीना, सेवा निवृत संयुक्त निदेशक सीबीएसई भी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद विभिन्न दलों के खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट करते हुए प्रतियोगिता ध्वज को सलामी दी। बीकानेर निदेशालय से नियुक्त चयन समिति के सदस्यों एवं निर्णायक मंडल का अतिथियों ने स्वागत किया। शफी मोहम्मद, शारीरिक शिक्षक एवं समस्त टीम द्वारा मार्च पास्ट का आयोजन करवाया गया।
मुख्य अतिथि श्री विनोद कुमार ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल जीवन का अभिन्न अंग हैं। खेलों में हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना, अनुशासन और निरंतर प्रयास होता है। उन्होंने कहा कि जीवन भी एक खेल की तरह है, जिसमें संघर्षों का सामना करते हुए निरंतर आगे बढ़ना चाहिए। खेलों से बच्चों का शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है तथा उनमें आपसी एकता, सहयोग और सामाजिक सद्भाव की भावना मजबूत होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रतिदिन खेलों में भाग लेने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
अध्यक्षीय उद्बोधन में जिला शिक्षा अधिकारी श्री देवीलाल मीणा ने कहा कि खेल सामाजिक समरसता, आपसी सामंजस्य और समाज को उन्नति की ओर ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज और स्वस्थ राष्ट्र के निर्माण में खेलों की महत्वपूर्ण भागीदारी है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
आयोजन सह सचिव राजेन्द्री मीना ने कहा कि खेल हमारे जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, मेहनत, आत्मविश्वास और टीम भावना सिखाते हैं। खेलों से हमारा शरीर स्वस्थ और मन मजबूत रहता है।
प्रतियोगिता में बालक वर्ग की 42 तथा बालिका वर्ग की 41 टीमें भाग ले रही हैं। राजस्थान के विभिन्न जिलों से आए लगभग 1000 छात्र-छात्रा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। सभी खिलाड़ियों एवं दल प्रभारियों को आवासों से मैदान तक लाने-ले जाने की बस व्यवस्था आयोजन विद्यालय द्वारा करवा दी गई है। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के लिए आवास, भोजन, चिकित्सा, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं आयोजन समिति द्वारा की गई हैं।
उद्घाटन समारोह के बाद प्रतियोगिता का पहला मुकाबला उदयपुर और सिरोही की टीमों के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में उदयपुर की टीम ने सिरोही को एक अंक से पराजित कर विजय हासिल की। मैच के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया। दर्शकों ने दोनों टीमों का उत्साहवर्धन किया।
आयोजन समिति ने बताया कि प्रतियोगिता के आगामी मुकाबले निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित किए जाएंगे। प्रतियोगिता के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा। दिनांक 1 अक्टूबर से 7 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता के अंतर्गत चार दिनों के भोजन की व्यवस्था भामाशाहों के सहयोग से सुनिश्चित की जा चुकी है। संपूर्ण प्रतियोगिता के दौरान भामाशाहों के सहयोग से प्रतिदिन भोजन उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम का मंच संचालन श्री रूप सिंह जी मीणा द्वारा किया गया। प्रधानाचार्य श्रीमती पुष्पा जी के मार्गदर्शन एवं सहयोग से आयोजन को व्यवस्थित रूप से संपन्न करवाया जा रहा है। पूजा कुमारी, प्रधानाचार्या एवं संयोजिका, शुभम मॉर्डन स्कूल ने सभी पधारे खिलाड़ियों एवं दल प्रभारियों का आभार व्यक्त किया तथा सभी सुविधाएं देने के लिए विश्वास दिलाया।
70वीं राज्य स्तरीय विद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिता 2026-27 के तहत आयोजित यह 14 वर्षीय कबड्डी प्रतियोगिता 1 अक्टूबर से 7 अक्टूबर तक चलेगी, जिसमें राजस्थान के विभिन्न जिलों की 83 टीमें और लगभग 1000 छात्र-छात्रा खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।