गंगापुर सिटी नगर परिषद ने सफाई मित्रों को किया सम्मानित, स्वच्छता का लिया संकल्प
सहायक नगर नियोजक और पार्षदों की मौजूदगी में सफाई कर्मचारियों के योगदान की सराहना की गई और स्वच्छ-स्वस्थ शहर का संकल्प दोहराया गया।
गंगापुर सिटी नगर परिषद कार्यालय में प्रशस्ति पत्र के साथ उपस्थित अधिकारी एवं सफाई मित्र।
गंगापुर सिटी। नगर परिषद गंगापुर सिटी की ओर से शहर की स्वच्छता व्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले सफाई मित्रों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के लिए सफाई मित्रों द्वारा किए जा रहे निरंतर कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सहायक नगर नियोजक श्री नरेश वैसला, पार्षद श्री ओमी कटारिया, श्री दुष्यंत कटारिया, श्री गोपाल मित्तल, श्री राजेश शर्मा एवं श्री उमर गद्दी सहित एमआईएस इंजीनियर भूरसिंह मीना, कनिष्ठ सहायक श्री राहुल कौशल सहित अन्य नगर परिषद कर्मचारी उपस्थित रहे।
नगर परिषद अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने सफाई मित्रों के कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में सफाई मित्रों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनके समर्पण एवं मेहनत से ही शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाने का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
इस दौरान सफाई मित्रों को प्रोत्साहित करते हुए भविष्य में भी इसी उत्साह एवं जिम्मेदारी के साथ स्वच्छता कार्य करने का आह्वान किया गया। नगर परिषद गंगापुर सिटी ने स्वच्छता के संदेश के साथ ‘स्वच्छ गंगापुर सिटी – स्वस्थ गंगापुर सिटी’ का संकल्प दोहराया।