गंगापुर सिटी की ग्राम पंचायत बिदरख्या में औचक निरीक्षण के दौरान मतदान केंद्रों और पीएम आवास योजना के प्रगति कार्यों का जायजा लेते विकास अधिकारी डॉ. जगदीश गुर्जर।

गंगापुर सिटी। पंचायत समिति गंगापुर सिटी के विकास अधिकारी डॉ. जगदीश गुर्जर ने गुरुवार को ग्राम पंचायत बिदरख्या का आकस्मिक निरीक्षण कर मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं और सरकारी योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। आगामी पंचायत चुनाव की तैयारियों के तहत उन्होंने मतदान केंद्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के कई आवास बकाया और अपूर्ण मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई तथा संबंधित कार्मिकों को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।

डॉ. जगदीश गुर्जर ने ग्राम पंचायत बिदरख्या में राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की वास्तविक स्थिति जानने के लिए सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), स्वच्छ भारत मिशन, जल संचयन, जन अभियान, कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान तथा वीबीजी रामजी योजना सहित विभिन्न प्रमुख योजनाओं के कार्यों का भौतिक सत्यापन किया।

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत कई आवासों का निर्माण बकाया और अधूरा मिलने पर विकास अधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने ग्राम विकास अधिकारी को लंबित कार्यों में तेजी लाने और बकाया आवासों को जल्द से जल्द निर्धारित गुणवत्ता के साथ पूरा कराने के सख्त निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डॉ. गुर्जर ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने की है। इसके लिए ग्राम पंचायत स्तर पर कार्यरत कार्मिकों को निर्देशानुसार काम करते हुए पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करनी होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

ग्राम पंचायत बिदरख्या में हुए इस निरीक्षण में आगामी पंचायत चुनाव की तैयारियों के साथ सरकारी योजनाओं के कार्यों की प्रगति और लंबित आवासों को पूरा करने पर जोर दिया गया।

Tags: