बाल विवाह मुक्त भारत अभियान: सवाई माधोपुर में निकलेगी विशेष रथ यात्रा
| कलक्ट्रेट परिसर से रवाना होकर मुख्य मार्गों से गुजरेगी यात्रा, अभिभावकों और समुदायों से बच्चों की शिक्षा व सुरक्षा के लिए जनभागीदारी की अपील की जाएगी।
बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने और बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए सवाई माधोपुर में 30 नवंबर 2026 को विशेष रथ यात्रा निकाली जाएगी। बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत आयोजित इस रथ यात्रा को जिला कलक्टर काना राम कलक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
जिला प्रशासन, महिला अधिकारिता विभाग, गायत्री सेवा संस्थान एवं जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन एलाइन्स गैर-सरकारी संगठन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह रथ यात्रा कलक्ट्रेट परिसर से शुरू होगी। इसके बाद शहर के मुख्य बाजारों एवं प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए आमजन को बाल विवाह उन्मूलन के प्रति जागरूक किया जाएगा।
उप निदेशक महिला अधिकारिता युगल किशोर मीना ने बताया कि रथ यात्रा का प्रमुख उद्देश्य बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति आमजन को जागरूक करना और समाज को बाल विवाह मुक्त बनाने के लिए सामूहिक जनभागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि बाल विवाह बच्चों के बचपन, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं उज्ज्वल भविष्य को प्रभावित करने वाली गंभीर सामाजिक कुरीति है।
इस अभियान के माध्यम से अभिभावकों, युवाओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं विभिन्न समुदायों से बाल विवाह रोकने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की जाएगी। जनजागरूकता के जरिए समाज में यह संदेश पहुंचाया जाएगा कि बाल विवाह न करें और न ही होने दें।
अभियान में बालक-बालिकाओं को शिक्षा, समान अवसर एवं सुरक्षित बचपन उपलब्ध कराने को सभी की सामूहिक जिम्मेदारी बताया जाएगा। जिला प्रशासन एवं सहयोगी संस्थाओं की ओर से जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने के लिए जनजागरूकता और सामाजिक सहभागिता के माध्यम से निरंतर प्रयास किए जाएंगे। 30 नवंबर को प्रस्तावित रथ यात्रा इसी दिशा में जिलेभर में जागरूकता का संदेश प्रसारित करेगी।