सवाई माधोपुर के राजकीय कन्या महाविद्यालय में 100 दिवसीय अभियान के तहत जागरूकता रैली व कार्यक्रम आयोजित। 

बाल विवाह, कम उम्र में विवाह और जबरन विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से सवाई माधोपुर में विधिक जागरूकता अभियान चलाया गया। 27 नवंबर 2026 को राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सवाई माधोपुर, गायत्री सेवा संस्थान एवं चाइल्ड हेल्पलाइन सवाई माधोपुर के संयुक्त तत्वावधान में राजकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में विधिक जागरूकता कार्यक्रम और बाल विवाह निषेध रैली आयोजित की गई।

बाल विवाह, कम उम्र में विवाह एवं जबरन विवाह उन्मूलन के अंतर्राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं को बाल विवाह के दुष्परिणामों, कानूनी प्रावधानों और इसकी रोकथाम के लिए उपलब्ध सहायता तंत्र की जानकारी दी गई।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सवाई माधोपुर के अधिकार मित्र धनराज मीणा, मुकेश कुमार शर्मा, गिर्राज रैगर, मगनलाल मीणा एवं बुनियाद अली ने छात्राओं को बाल विवाह के दुष्परिणामों और इस मामले में सजा के प्रावधानों के बारे में बताया। उन्होंने आशा यूनिट की कार्यप्रणाली, बाल विवाह की शिकायतों के निवारण में जिला विधिक सेवा प्राधिकरणों एवं तालुका विधिक सेवा समितियों की भूमिका तथा नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 की जानकारी भी दी।

अधिकार मित्रों ने बताया कि भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की ओर से 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान को 21 अक्टूबर 2026 से 28 जनवरी 2027 तक पुनः प्रारंभ किया गया है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बाल विवाह की रोकथाम के लिए जन जागरूकता, सामुदायिक भागीदारी और विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों को मजबूत करना है। विशेष रूप से आगामी विवाह सत्र के दौरान बाल विवाह की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने पर जोर दिया जा रहा है।

कार्यक्रम में गायत्री सेवा संस्थान के डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर मनीष कुमार शर्मा एवं फील्ड कोऑर्डिनेटर विष्णु गुर्जर और अमर सिंह गुर्जर ने भी विचार रखे। उन्होंने छात्राओं को बाल विवाह के दुष्परिणामों, बाल विवाह मुक्त भारत पोर्टल तथा बाल विवाह की सूचना मिलने पर संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को अवगत कराने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया।

वहीं, चाइल्ड हेल्पलाइन के सुपरवाइजर हनुमान सैनी, मीना कुमारी एवं केस वर्कर राहुल सिंह ने चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की कार्यप्रणाली, बाल विवाह से जुड़े कानूनी प्रावधानों तथा बाल विवाह निषेध अधिनियम 2006 की जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि बाल विवाह की किसी भी घटना की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों और चाइल्ड हेल्पलाइन को सूचित करें।

इस दौरान महाविद्यालय की छात्राओं एवं कॉलेज स्टाफ ने बाल विवाह की रोकथाम के लिए शपथ भी ग्रहण की। कार्यक्रम के बाद छात्राओं के सहयोग से बाल विवाह निषेध को लेकर विधिक जागरूकता रैली निकाली गई। महाविद्यालय के प्राचार्य गोपाल सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।

रैली में छात्राओं ने 'बाल विवाह बंद करो', 'बाल विवाह कैसी नादानी, जीवनभर आंखों में पानी' और 'बेटी को पढ़ने दो, बाल विवाह से लड़ने दो' जैसे नारों के माध्यम से आमजन को बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। साथ ही बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया। विधिक जागरूकता कार्यक्रम, शपथ ग्रहण और रैली के माध्यम से बाल विवाह की रोकथाम के लिए कानूनी जानकारी के साथ सामुदायिक सहभागिता का आह्वान किया गया।

Tags: