गंगापुर सिटी व वजीरपुर पंचायत समिति प्रधान पद पर कांग्रेस की जीत
| वजीरपुर में निर्दलीयों के समर्थन से बनी बढ़त, अब उप प्रधान चुनाव पर नजरें टिकी हैं।
गंगापुर सिटी व वजीरपुर पंचायत समिति प्रधान पद पर कांग्रेस की जीत के बाद जश्न मनाते नेता व कार्यकर्ता।
गंगापुर सिटी। पंचायत समिति प्रधान पद के चुनाव में कांग्रेस ने दोनों सीटों पर जीत दर्ज कर अपनी राजनीतिक स्थिति मजबूत की है। गंगापुर सिटी और वजीरपुर पंचायत समितियों में कांग्रेस प्रत्याशियों ने बहुमत हासिल करते हुए प्रधान पद पर कब्जा जमाया। गंगापुर सिटी में राजेश कुमार सैनी 15 मत प्राप्त कर प्रधान निर्वाचित हुए, जबकि भाजपा समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी प्रियंका बाई जादौन को केवल 4 मत मिले।
वहीं, वजीरपुर पंचायत समिति में कांग्रेस प्रत्याशी बृजवाई मीणा ने 10 मत हासिल कर प्रधान पद पर जीत दर्ज की। उनके मुकाबले भाजपा प्रत्याशी गीता देवी को 5 मत मिले। गंगापुर सिटी में कांग्रेस ने स्पष्ट बहुमत के आधार पर जीत हासिल की, जबकि वजीरपुर में बहुमत से एक सीट कम होने के बावजूद निर्दलीय सदस्यों के समर्थन से कांग्रेस अपना प्रधान बनाने में कामयाब रही।
समर्थकों के साथ पहुंचकर दाखिल किए थे नामांकन
गंगापुर सिटी में प्रधान पद के लिए राजेश कुमार सैनी ने सभापति कृष्ण कुमार गोयल, पार्षद गिरधारी लाल, हरगोविंद कटारिया, मदन पचौरी सहित कांग्रेस पदाधिकारियों और समर्थकों की मौजूदगी में पंचायत समिति पहुंचकर नामांकन दाखिल किया था।
दूसरी ओर, भाजपा समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी प्रियंका बाई जादौन ने वर्तमान प्रधान मंजू गुर्जर और तलावड़ा मंडल अध्यक्ष पुखराज गुर्जर सहित भाजपा पदाधिकारियों की उपस्थिति में अपना नामांकन प्रस्तुत किया था।
दोनों पंचायत समितियों में प्रधान पद पर कांग्रेस की जीत के बाद अब राजनीतिक गतिविधियां उप प्रधान पद के चुनाव को लेकर तेज हो गई हैं। गंगापुर सिटी पंचायत समिति में उप प्रधान पद के लिए शनिवार, 28 नवंबर को चुनाव होगा। प्रधान पद पर जीत के बाद अब राजनीतिक दलों और समर्थकों की निगाहें उप प्रधान चुनाव के नतीजे पर टिकी हैं।