सलूंबर में संत रविदास समरसता रथ यात्रा का भव्य स्वागत, पुष्पवर्षा से गूंजे जयकारे
सलूंबर में संत रविदास समरसता रथ यात्रा का पुष्पवर्षा से स्वागत हुआ। समरसता संकल्प गोष्ठी में भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी ने भेदभाव मुक्त और समतामूलक समाज निर्माण का संदेश दिया।
तस्वीर में सलूंबर में संत रविदास समरसता यात्रा के दौरान स्वागत कार्यक्रम में शामिल लोग नजर आ रहे हैं।
सलूंबर। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी की ओर से चलाए जा रहे ‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत निकाली जा रही संत रविदास समरसता रथ यात्रा के जिले में प्रवेश पर भव्य स्वागत किया गया। लक्ष्मीनारायण बाबा रामदेव मंदिर पहुंचने पर समाजजनों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने रथ यात्रा पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। इस दौरान संत रविदास महाराज के जयकारों से माहौल भक्तिमय और उत्साहपूर्ण नजर आया।
कार्यक्रम का आयोजन भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी, विधायक शांता देवी मीणा एवं नगर मंडल अध्यक्ष विजेश भलवाडा के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समाजजन मौजूद रहे।
लक्ष्मीनारायण बाबा रामदेव मंदिर में आयोजित समरसता संकल्प गोष्ठी एवं संत सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी ने कहा कि संत रविदास जी ने करीब 650 वर्ष पूर्व समाज को भेदभाव और जातिवाद से ऊपर उठकर समतामूलक समाज के निर्माण का संदेश दिया था। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज के लिए उतनी ही प्रासंगिक हैं।
जोशी ने कहा कि संत रविदास महाराज ने अपने जीवन और विचारों के माध्यम से समाज को समानता, सद्भावना और मानवता का मार्ग दिखाया। उनके विचार समाज में आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता को मजबूत करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य भी ऐसा समाज बनाना है, जहां किसी के साथ जाति, वर्ग या सामाजिक स्थिति के आधार पर भेदभाव न हो।
समारोह में संत रविदास महाराज के आदर्शों और शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। इस दौरान संतों एवं समाज के प्रतिनिधियों का सम्मान भी किया गया। वक्ताओं ने कहा कि सामाजिक समरसता केवल विचार तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे व्यवहार में उतारने की जरूरत है।
कार्यक्रम में संत रविदास जयंती के संयोजक एवं भाजपा नगर मंडल सलूंबर अध्यक्ष विजेश भलवाडा, जिला भाजपा के पदाधिकारी, नगर मंडल के कार्यकर्ता, समाजजन एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। संत रविदास महाराज की शिक्षाओं और सामाजिक समानता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।