लसाडिया स्थित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय में चल रही दो दिवसीय जिला स्तरीय शारीरिक शिक्षक वाकपीठ संगोष्ठी (प्रारंभिक एवं माध्यमिक) का शनिवार दोपहर बाद समापन हुआ। संगोष्ठी में शारीरिक शिक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर वार्ताओं के साथ खेलों के नियम, मैदान की माप और शारीरिक शिक्षकों की समस्याओं पर चर्चा की गई।

प्रातःकालीन सत्र में चंद्र प्रकाश सुथार ने एथलेटिक्स विषय पर वार्ता प्रस्तुत की। उन्होंने शॉट पुट, जैवलिन थ्रो, लॉन्ग जंप, हाई जंप तथा 100 मीटर और 200 मीटर दौड़ के ग्राउंड मेजरमेंट एवं नियमों की जानकारी दी। इसके बाद रूप लाल ने खो-खो खेल के विषय पर अपनी वार्ता प्रस्तुत की।

सलूंबर जिला वाकपीठ अध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह ने शारीरिक शिक्षकों की विभिन्न प्रकार की समस्याओं को जाना और अपने स्तर पर उनके समाधान का पूरा प्रयास करने की बात कही। लसाडिया शारीरिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष कालू लाल मीणा ने सलूंबर जिले से पहुंचे सभी शारीरिक शिक्षक भाइयों एवं बहनों का शब्द सुमन से हार्दिक स्वागत और अभिनंदन किया।

भोजन अवकाश के बाद समापन कार्यक्रम शुरू हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भेरू सिंह राठौड़, प्रदेश महासचिव, राजस्थान शारीरिक शिक्षा वाकपीठ कार्यकारिणी रहे, जबकि अध्यक्षता मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी मुकेश कुमार शर्मा ने की।

विशिष्ट अतिथियों के क्रम में स्वरूप सिंह बाना, पंचायती राज माध्यमिक शिक्षक संघ जिला अध्यक्ष, कन्हैया लाल सरवर, ब्लॉक अध्यक्ष झल्लारा, उप जिला शिक्षा अधिकारी (शारीरिक शिक्षा) केसर सिंह चौहान, मन्नालाल मीना, राजेंद्र प्रसाद चौबीसा, देवीलाल गोखले, देवीलाल बुनकर, कालू लाल मीणा, अनिल कुमार जैन, प्रहलाद कुमार मीणा, गजेंद्र सिंह, उप जिला शिक्षा अधिकारी शारीरिक शिक्षा (प्रारंभिक शिक्षा), कमलेश कुमार शर्मा सहित सभी ब्लॉकों के अध्यक्ष एवं विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे।

प्रदेश महासचिव भेरू सिंह राठौड़ ने कहा कि शारीरिक शिक्षक विद्यालय की रीढ़ होता है। संस्था प्रधान के बाद पहला पद यदि किसी का होता है तो वह शारीरिक शिक्षक का होता है। उन्होंने कहा कि शारीरिक शिक्षकों के हितों के लिए संघ सतत प्रयासरत है। बहुत ही जल्दी प्रत्येक उच्च माध्यमिक विद्यालय में वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक का पद दिया जाएगा। साथ ही यदि किसी विद्यालय में 500 से अधिक का नामांकन है तो वहां प्रथम श्रेणी के शारीरिक शिक्षक (व्याख्याता) की नियुक्ति हो सकेगी। इसके लिए काफी प्रयास जारी हैं।

उन्होंने बताया कि सभी के सहयोग से प्रदेश स्तर पर शारीरिक शिक्षक संघ शिक्षा मंत्री से नियमित वार्ता कर अपनी बात को मजबूती के साथ रख रहा है।

सलूंबर जिला शारीरिक शिक्षक संघ माध्यमिक के वाकपीठ अध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह ने सभी आगंतुक अतिथियों का सम्मान किया और अपना अमूल्य समय निकालकर कार्यक्रम में उपस्थित होने के लिए आभार व्यक्त किया। अंत में सामूहिक रूप से राष्ट्रगान के साथ दो दिवसीय सलूंबर जिला स्तरीय वाकपीठ संगोष्ठी का समापन हुआ। संगोष्ठी का मंच संचालन वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक चंद्र प्रकाश सुथार ने किया।

Tags: