सलूम्बर में दिनदहाड़े बुजुर्ग के गले से दो तोले की सोने की चेन झपटी, लोगों ने बदमाश को दबोचा
सलूम्बर के नागदा बाजार में पता पूछने के बहाने पहुंचे युवक ने बुजुर्ग छगनलाल जैन के गले से करीब दो तोला सोने की चेन झपट ली। शोर सुनकर लोगों ने पीछा किया और नंगारचियों की गली में उसे पकड़ लिया।
सलूम्बर के व्यस्त नागदा बाजार में दिनदहाड़े एक बदमाश ने बुजुर्ग को निशाना बनाकर उनके गले से करीब दो तोला वजनी सोने की चेन झपट ली और भागने लगा। वृद्ध के शोर मचाने और पीछा करने पर आसपास के लोग सक्रिय हो गए। लोगों ने बदमाश का पीछा कर उसे नंगारचियों की गली में दबोच लिया। इसके बाद उसकी धुनाई कर कब्जे से सोने की चेन छुड़ाई और बुजुर्ग को वापस सौंप दी।
जानकारी के अनुसार, नागदा बाजार निवासी छगनलाल वालचंद जैन अपने घर के बाहर बैठे हुए थे। इसी दौरान एक युवक उनके पास पहुंचा और पता पूछने के बहाने बातचीत करने लगा। वृद्ध कुछ समझ पाते, उससे पहले ही युवक ने मौका देखकर उनके गले पर झपट्टा मारा और करीब दो तोला सोने की चेन खींचकर तेजी से भाग निकला।
अचानक हुई इस वारदात से छगनलाल जैन हक्के-बक्के रह गए, लेकिन उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया और बदमाश के पीछे दौड़ पड़े। उनकी आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग भी बदमाश को पकड़ने के लिए पीछा करने लगे। इस दौरान बाजार में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
बदमाश ने भागकर बचने की कोशिश की, लेकिन लोगों की सतर्कता के चलते वह ज्यादा दूर नहीं जा सका। नंगारचियों की गली में लोगों ने उसे घेरकर पकड़ लिया। इसके बाद गुस्साए लोगों ने उसकी जमकर धुनाई की और उसके कब्जे से सोने की चेन छुड़ा ली।
लोगों ने चेन बुजुर्ग छगनलाल जैन को वापस सौंप दी, जिससे उन्हें बड़ी राहत मिली। दिनदहाड़े शहर के व्यस्त बाजार में हुई इस वारदात ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, घटना के दौरान लोगों की तत्परता से बुजुर्ग की मेहनत की कमाई का सोना वापस मिल गया।