सलूम्बर: जयसमंद में हरियालो राजस्थान अभियान के तहत 25 औषधीय पौधे लगाए
आयुर्वेद विभाग की पहल पर कचनार, अर्जुन और नीम के पौधे रोपकर कार्मिकों ने नियमित देखभाल का संकल्प लिया।
तस्वीर में जयसमंद में आयुष अस्पताल परिसर में पौधारोपण करतीं महिला स्वास्थ्य कर्मी।
सलूम्बर, 3 सितम्बर। हरियालो राजस्थान महाअभियान के तहत आयुर्वेद विभाग, जिला सलूम्बर की ओर से बुधवार को जयसमंद ब्लॉक स्तरीय वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में औषधीय पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण और इनके महत्व के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
सहायक निदेशक आयुर्वेद डॉ. मंजू असोड़ा के निर्देशन में नवनिर्मित ब्लॉक आयुष चिकित्सालय, जयसमंद एवं आयुष्मान आरोग्य केंद्र, पिलादर परिसर में कुल 25 औषधीय पौधे लगाए गए। इस दौरान विभागीय कार्मिकों ने विभिन्न स्थानों पर औषधीय प्रजातियों का रोपण किया।
कार्यक्रम में डॉ. प्रियंका जैन, डॉ. प्रियंका खंडेलवाल, कंपाउंडर हेमलता दर्जी एवं परिचारक भावेश चौबीसा ने कचनार, अर्जुन, अमलतास, नीम, अग्निमंथ, तुलसी, गिलोय, कालमेघ, अश्वगंधा एवं शतावरी सहित विभिन्न औषधीय प्रजातियों के पौधे लगाए।
पौधारोपण के साथ उपस्थित कार्मिकों ने पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण की जिम्मेदारी लेने का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम के माध्यम से हरियालो राजस्थान महाअभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण के साथ औषधीय पौधों के महत्व को लेकर जागरूकता का संदेश दिया गया।