तस्वीर में लसाड़िया में जश्ने ईद मिलादुन्नबी के मौके पर हाथों में धार्मिक झंडे थामे और पारंपरिक वेशभूषा में जुलूस में शामिल लोग नजर आ रहे हैं।

लसाड़िया। उपखंड मुख्यालय पर बुधवार को जश्ने ईद मिलादुन्नबी के मौके पर मुस्लिम समाज की ओर से भव्य जुलूस निकाला गया। हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस की खुशी में निकले जुलूस में बड़ी संख्या में समाजजन हाथों में झंडे लेकर शामिल हुए। पूरे मार्ग में धार्मिक नारों से माहौल गूंजता रहा और समाजजनों में अकीदत व उत्साह नजर आया।

जुलूस की शुरुआत सुबह आला हजरत मस्जिद से हुई। इसके बाद जुलूस इमाम चौक, छावनी, आईसीसी चौराहा, बस स्टैंड और न्यू मार्केट से होकर हजरत अब्दुल गनी बाबा की दरगाह पहुंचा। यहां दुआ के साथ जुलूस का समापन किया गया। जुलूस में शामिल लोग उत्साह के साथ "आका की आमद मरहबा, दिलदार की आमद मरहबा" के नारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे।

शाम को महफिले मिलाद का आयोजन किया गया। इसमें मौलाना अहसान मोहम्मद ने नात शरीफ पेश की। इसके बाद उन्होंने हजरत मोहम्मद साहब की पैदाइश और उनके जीवन से जुड़े प्रसंगों पर तकरीर पेश की। महफिल में बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे।

अंजुमन कमेटी सदर शराफत खान पठान ने बताया कि जुलूस में समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। आयोजन को लेकर पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद रहा। लसाड़िया पुलिस मय जाप्ता सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रही, जिससे जुलूस शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।

जश्ने ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर मुस्लिम समाज आला हज़रत कमेटी, लसाड़िया की ओर से आयोजित जुलूस और महफिले मिलाद में समाजजनों की भागीदारी रही। धार्मिक नारों, नात और तकरीर के बीच दिनभर आयोजन का माहौल बना रहा।

Tags: