सलूम्बर में जिला परिषद चुनाव के तहत अपने समर्थकों के साथ जिला निर्वाचन अधिकारी के समक्ष नामांकन पत्र सौंपते उम्मीदवार।   

सलूम्बर में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। जिले में जिला परिषद के 21 वार्डों में सदस्य पद के लिए गुरुवार तक कुल 44 नामांकन आवेदन प्रस्तुत किए जा चुके हैं। इनमें से गुरुवार को 21 प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए, जबकि इससे पहले 23 आवेदन जमा हो चुके थे। भाजपा, कांग्रेस, भारतीय आदिवासी पार्टी (बीएपी) और आम आदमी पार्टी के प्रत्याशियों ने समर्थकों के साथ जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर विभिन्न वार्डों से अपनी दावेदारी पेश की।

प्रदेश के साथ सलूम्बर जिले में भी चुनावी चर्चाएं गांव-गांव और ढाणी-ढाणी तक पहुंचने लगी हैं। प्रत्याशियों की सक्रियता बढ़ने के साथ ही चुनावी सरगर्मियां तेज हो रही हैं। गुरुवार को विभिन्न राजनीतिक दलों के उम्मीदवार निर्धारित प्रक्रिया के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी मुहम्मद पीपी जनैद के समक्ष नामांकन पत्र प्रस्तुत करने पहुंचे। इस दौरान नामांकन प्रक्रिया के बीच चुनावी माहौल देखने को मिला।

नामांकन विवरण के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से वार्ड संख्या 9 से श्रवण कुमार, वार्ड 3 से केसु, वार्ड 4 से सोनल, वार्ड 7 से बसंती मीणा, वार्ड 8 से हरि राम, वार्ड 15 से लोगरलाल, वार्ड 5 से रतनी, वार्ड 13 से जया मीणा, वार्ड 14 से पदमा कुंवर, वार्ड 6 से रेखा देवी, वार्ड 18 से लीला मीणा, वार्ड 17 से गुड्डी मीणा, वार्ड 11 से नरेंद्र तथा वार्ड 10 से केशर कुमारी मीणा ने नामांकन पत्र दाखिल किए।

कांग्रेस की ओर से वार्ड 15 से रूपलाल ने नामांकन प्रस्तुत किया। भारतीय आदिवासी पार्टी (बीएपी) की ओर से वार्ड 9 में गौरांग, वार्ड 8 में मोहनलाल तथा वार्ड 7 में लक्ष्मी ने सदस्य पद के लिए अपनी दावेदारी पेश की। वहीं, आम आदमी पार्टी की ओर से वार्ड 2 से शंकरलाल मीणा, वार्ड 1 से गोविन्द कलासुआ तथा वार्ड 9 से मणीलाल मीणा ने नामांकन पत्र दाखिल किए।

जिला परिषद के 21 वार्डों के लिए अब तक 44 आवेदन प्रस्तुत होने के साथ ही चुनावी प्रक्रिया में राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों की भागीदारी सामने आई है। गुरुवार को दाखिल हुए 21 नामांकनों के बाद अब आगामी दिनों में नामांकन प्रक्रिया, प्रत्याशियों की अंतिम सूची और चुनावी समीकरणों पर नजर रहेगी। जिले में चुनावी गतिविधियां आगे बढ़ने के साथ राजनीतिक दलों की तैयारियां भी महत्वपूर्ण रहेंगी।

Tags: