सलूंबर जिले में पंचायतीराज चुनाव के दौरान पार्टी टिकट की पैरवी को लेकर विवाद के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी को फोन पर जान से मारने की धमकी मिली थी।

राजस्थान के सलूंबर जिले में पंचायतीराज चुनाव के बीच भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी को फोन पर गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पार्टी टिकट की पैरवी को लेकर हुए विवाद में धमकी देने का आरोप सल्लाड़ा के पूर्व उप सरपंच डीएस सिंह पर लगा है। जिलाध्यक्ष की ओर से पुलिस अधीक्षक को फोन की रिकॉर्डिंग भेजे जाने के बाद पुलिस सक्रिय हुई और घटना के 15 मिनट बाद ही आरोपी पूर्व सरपंच को गिरफ्तार कर लिया गया।

सलूंबर भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी ने आरोप लगाया कि मंगलवार रात उन्हें फोन कर गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। उन्होंने मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक विशनाराम विश्नोई को दी। जोशी के अनुसार, मंगलवार रात 10:32 बजे सल्लाड़ा के पूर्व उप सरपंच डीएस सिंह का उनके पास फोन आया था।

उस समय जोशी बुधवार को होने वाली भाजपा कोर कमेटी की बैठक में शामिल होने के लिए मंगलवार रात जयपुर जा रहे थे। इसी दौरान आए फोन पर आरोपी ने कथित तौर पर उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और जान से मारने की धमकी दी।

जोशी ने बताया कि डीएस सिंह अपने समर्थकों के लिए सलूंबर के वार्ड 2 से मनोहर सिंह और वार्ड 12 से कुर सिंह को भाजपा का टिकट दिलाने की पैरवी कर रहे थे। टिकट मिलने की उम्मीद पूरी नहीं होने पर विवाद बढ़ गया। इसी घटनाक्रम के दौरान फोन पर धमकी देने का आरोप सामने आया है।

भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी के मुताबिक, उन्होंने बातचीत के दौरान फोन की रिकॉर्डिंग कर ली थी और रात को ही इसे पुलिस अधीक्षक विशनाराम विश्नोई को भेज दिया। जोशी ने धमकी देने वाले व्यक्ति को हिस्ट्रीशीटर बताया। उन्होंने कहा कि जयपुर में होने के कारण वह तत्काल रिपोर्ट दर्ज नहीं करा सके और अब पुलिस में मामला दर्ज कराने जा रहे हैं।

चुनावी माहौल के बीच भाजपा जिलाध्यक्ष को धमकी मिलने की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई की। घटना के 15 मिनट बाद ही आरोपी पूर्व सरपंच को गिरफ्तार कर लिया गया। जोशी ने पुलिस से मामले में कार्रवाई करने और सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि तथ्यों की पुष्टि के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Tags: