तस्वीर में सलूम्बर में मतदाता जागरूकता अभियान के तहत अधिकारी और स्थानीय नागरिक एक मार्ग पर निरीक्षण करते हुए नजर आ रहे हैं।

सलूम्बर, 22 अगस्त। नगर परिषद सलूम्बर नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 को लेकर चलाए जा रहे मतदाता जागरूकता अभियान के तहत विभिन्न महाविद्यालयों एवं विद्यालयों में जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने पोस्टर प्रतियोगिता, ‘मैं भारत हूं’ गीत के सामूहिक गायन और मतदाता शपथ के माध्यम से लोकतंत्र एवं मतदान के महत्व का संदेश दिया तथा आमजन को शत-प्रतिशत मतदान के लिए प्रेरित किया।

अभियान के तहत सांवरिया कॉलेज सलूम्बर में निदेशक रणजीत सिंह सिसोदिया एवं उप प्राचार्य मितेश आमेटा के निर्देशन में विद्यार्थियों ने आकर्षक मतदाता जागरूकता पोस्टर तैयार किए। अंजू, दीपिका, कोमल मीणा, मनीषा मीणा, कंकू कुमारी मीणा, दीक्षा जोशी, गीता पटेल एवं दिव्यांका कुंवर सहित विद्यार्थियों ने लोकतंत्र एवं मतदान के महत्व को रचनात्मक पोस्टरों के माध्यम से प्रदर्शित किया। पोस्टरों के जरिए मतदाताओं से अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से उपयोग करने और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई।



इसी क्रम में राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय सलूम्बर की छात्राओं ने भी आकर्षक एवं संदेशपरक मतदाता जागरूकता पोस्टर बनाए। छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता के माध्यम से मतदान के महत्व, मतदाता की जिम्मेदारी तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक मत की भूमिका को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया।

बी.एन. कन्या महाविद्यालय में मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से ‘मैं भारत हूं’ गीत का सामूहिक गायन किया गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए लोकतंत्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की और आमजन को निर्भीक होकर मतदान करने का संदेश दिया।

वहीं, मीनाक्षी महाविद्यालय सलूम्बर में प्राचार्य एवं स्टाफ के निर्देशन में छात्र-छात्राओं को मतदाता शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखते हुए अपने मताधिकार का जिम्मेदारीपूर्वक प्रयोग करने तथा अन्य मतदाताओं को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।

मतदाता जागरूकता अभियान के तहत आयोजित इन गतिविधियों का उद्देश्य विशेष रूप से युवा मतदाताओं में लोकतांत्रिक चेतना विकसित करना और मतदान के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है। जिला निर्वाचन प्रशासन की ओर से नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 में अधिकाधिक मतदाताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से ‘हर मत महत्वपूर्ण है’ का संदेश आमजन तक पहुंचाया जा रहा है।

Tags: