तस्वीर में सलूम्बर में राजकीय विद्यालय के परिसर में अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को निरीक्षण करते हुए दिखाया गया है।

सलूम्बर, 5 सितम्बर। नगर परिषद सलूम्बर नगरीय निकाय चुनाव-2026 में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के लिए मतदाता जागरूकता अभियान के तहत मॉक मतदान बूथ स्थापित कर मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया की व्यावहारिक जानकारी दी गई। जिला निर्वाचन अधिकारी मुहम्मद जुनेद पी.पी., रिटर्निंग अधिकारी जगदीश चंद्र बामणिया, जिला स्वीप अधिकारी रामावतार यादव एवं आयुक्त नगर परिषद सलूम्बर अभिषेक शर्मा के निर्देशन में सलूम्बर नगर क्षेत्र में विभिन्न मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

5 सितम्बर 2026 को महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, गांधी चौक में स्वीप प्रकोष्ठ की ओर से मॉक मतदान बूथ स्थापित किया गया। मतदान प्रक्रिया शुरू कर क्षेत्र के पुरुष एवं महिला मतदाताओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं सहित स्थानीय विद्यालयों की कक्षा 11 एवं 12 के छात्र-छात्राओं को मॉक मतदान में भाग लेने का अवसर दिया गया। प्रतिभागियों को मतदान की संपूर्ण प्रक्रिया समझाने के साथ मतदान के प्रति जागरूक किया गया।

मॉक मतदान में 33 महिला मतदाताओं एवं 28 पुरुष मतदाताओं ने भाग लिया। इस दौरान प्रतिभागियों को मतदान प्रक्रिया, ईवीएम के माध्यम से मतदान करने की प्रक्रिया तथा मतदान के महत्व की जानकारी दी गई। इससे प्रतिभागियों को मतदान की प्रक्रिया को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर मिला।

मॉक मतदान प्रक्रिया में आईटीआई सलूम्बर के अनुदेशक हेमराज पटेल, कैलाश चंद्र मीणा एवं समूह अनुदेशक कृष्णकांत गर्वा ने तकनीकी सहयोग प्रदान किया। स्वीप प्रकोष्ठ से दिनेश कुमार सालवी, इंद्रलाल पंचाल, राजेंद्र कुमार पण्ड्या, कुलदीप पांडे, प्रदीप जोशी एवं दीपक मेहता ने मॉक मतदान की संपूर्ण प्रक्रिया का सफल संचालन किया। इस दौरान बीएलओ मनोज खटीक एवं मोहम्मद अकरम भी उपस्थित रहे।

मॉक मतदान कार्यक्रम के बाद स्थानीय विद्यालय के समस्त स्टाफ एवं छात्र-छात्राओं को मतदाता शपथ दिलाई गई और आगामी चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान के लिए प्रेरित किया गया। इसी क्रम में बी.एन. कन्या महाविद्यालय में भी मतदाता शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इसके अतिरिक्त जिला परिषद कार्यालय सलूम्बर में मतदाता जागरूकता हस्ताक्षर अभियान एवं सेल्फी पॉइंट का शुभारंभ अतिरिक्त कार्यकारी अधिकारी एवं जिला स्वीप प्रभारी रामावतार यादव ने किया। इस अवसर पर अतिरिक्त विकास अधिकारी गोविंदलाल बुनकर, प्रशिक्षण प्रकोष्ठ से भरत कुमार चौबीसा, प्रधानाचार्य, कार्मिक प्रकोष्ठ से अंबालाल ओड़ एवं स्थानीय कार्यालय के कार्मिक उपस्थित रहे। मॉक मतदान, मतदाता शपथ, हस्ताक्षर अभियान एवं सेल्फी पॉइंट के माध्यम से नगर परिषद सलूम्बर में आगामी नगरीय निकाय चुनाव-2026 के लिए मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया से अवगत कराने और शत-प्रतिशत मतदान के लिए जागरूक करने की गतिविधियां जारी हैं।

Tags: