तस्वीर में भबराना की रात्रि चौपाल के दौरान टेंट में बैठे ग्रामीण और अधिकारी दिख रहे हैं।

सलूंबर, 17 सितंबर। आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान और प्रशासन को ग्रामीणों के और अधिक करीब लाने के उद्देश्य से भबराना में जिला कलक्टर मुहम्मद जुनैद पी.पी. की अध्यक्षता में रात्रि चौपाल आयोजित की गई। चौपाल में ग्रामीणों एवं क्षेत्रवासियों ने विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं एवं परिवेदनाएं जिला कलक्टर के समक्ष रखीं।

जिला कलक्टर मुहम्मद जुनेद पी पी ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से प्रत्येक प्रकरण की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन से प्राप्त परिवेदनाओं का नियमानुसार प्राथमिकता एवं समयबद्धता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिन समस्याओं का समाधान मौके पर संभव है, उनका हाथों-हाथ समाधान किया जाए तथा अन्य प्रकरणों में संबंधित विभाग आवश्यक कार्रवाई कर निर्धारित समयावधि में निस्तारण सुनिश्चित करें।

जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों से प्राप्त शिकायतों को केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रखा जाए, बल्कि उनके प्रभावी समाधान की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य अंतिम छोर तक पहुंचकर आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करना है।

रात्रि चौपाल के दौरान एसीईओ ने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले विकसित भारत-जन सेवा अभियान की गतिविधियों की भी जानकारी दी। उन्होंने अधिकारियों को अभियान को जनभागीदारी के साथ प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान की गतिविधियां ग्राम पंचायत, पंचायत समिति, उपखंड एवं नगरीय निकाय स्तर तक प्रभावी रूप से पहुंचनी चाहिए।

अभियान में स्थानीय पंचायती राज संस्थाओं, विद्यालय-महाविद्यालयों, स्वयंसेवी संस्थाओं, युवा समूहों तथा महिला स्वयं सहायता समूहों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अभियान के तहत आशीर्वाद का दीया, नमो सेवा-अनकही कहानियां, सेवा ज्योति कलश यात्रा, सेवा के रंग-राष्ट्र के संग, रक्तदान शिविर, आंगन मिलन सेवा, सेवा मेरा योगदान, सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज, मेरे सपनों का भारत-चित्रसेवा, सेवा की कहानी, सेवा सेतु अभियान एवं सुशासन सेवा संवाद सहित विभिन्न गतिविधियां निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की जाएंगी।

जिला कलक्टर ने कहा कि अभियान का उद्देश्य जनसेवा, सामाजिक सरोकार एवं सुशासन की भावना को सुदृढ़ करना तथा आमजन, किसान, महिलाओं और युवाओं की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से विकसित भारत के लक्ष्यों की दिशा में जनभागीदारी को गति देना है।

रात्रि चौपाल में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। ग्रामीणों द्वारा प्रस्तुत समस्याओं एवं परिवेदनाओं के संबंध में अधिकारियों ने आवश्यक जानकारी देते हुए उनके निस्तारण के लिए कार्रवाई सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया।

Tags: