राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े की सलूंबर यात्रा की तैयारियां तेज, जिला कलक्टर ने दिए निर्देश
राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े की सलूंबर यात्रा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कीं, जिला कलक्टर ने अधिकारियों को दिए महत्वपूर्ण निर्देश।
तस्वीर में राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े पारंपरिक परिधान और सफेद टोपी में नजर आ रहे हैं।
राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े की प्रस्तावित सलूंबर यात्रा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए जिला कलक्टर मुहम्मद जुनेद पी.पी. की अध्यक्षता में जिला कलक्टर कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला कलक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्यपाल महोदय की यात्रा से संबंधित सभी व्यवस्थाएं निर्धारित प्रोटोकॉल और तय समय-सीमा के अनुसार पूरी की जाएं। उन्होंने विभागवार तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और प्रत्येक व्यवस्था समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने यात्रा मार्ग की आवश्यक मरम्मत और साफ-सफाई, यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, बैठक स्थल की व्यवस्थाएं, पेयजल, विद्युत, चिकित्सा सुविधाएं, अग्निशमन व्यवस्था, विश्राम कक्ष, स्वागत एवं प्रोटोकॉल से जुड़ी सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी तालमेल बनाए रखते हुए किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहने देने के लिए कहा।
जिला कलक्टर ने कहा कि राज्यपाल महोदय की यात्रा गरिमामय और सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हो, इसके लिए सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता और उत्तरदायित्व के साथ निर्वहन करें। बैठक में विभागवार तैयारियों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए गए।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला, एसीईओ रामवतार यादव, नगर परिषद आयुक्त, पीआरओ पुष्पक मीणा, समाज कल्याण अधिकारी ममता कुमारी जाखड़, कृषि विभाग के गोस मोहम्मद, उद्यानिकी विभाग के पुरुषोत्तम भट्ट, टीएडी विभाग की मधुकर वर्णाेती सहित जिला स्तरीय अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।