तस्वीर में राजकीय आयुर्वेद औषधालय अग्गड़ के सामने चिकित्सा दल, ग्रामीण और विद्यार्थी काढ़ा पीते हुए नजर आ रहे हैं।

लसाडिया। राजकीय आयुर्वेद औषधालय अग्गड़ में बुधवार को आयुर्वेद दिवस के अवसर पर निशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया।

चिकित्सा दल ने शिविर में बीपी, शुगर और हीमोग्लोबिन सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांचें कीं। जरूरत के अनुसार लोगों को निशुल्क औषधियों का वितरण भी किया गया।

मौसमी बीमारियों से बचाव और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से ग्रामीणों को आयुर्वेदिक क्वाथ (काढ़ा) पिलाया गया। इस दौरान ग्रामवासियों के साथ राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अग्गड़ के अध्यापकों और करीब 450 विद्यार्थियों ने भी क्वाथ का सेवन किया।

शिविर में चिकित्साधिकारी डॉ. रीतिका मीणा, कंपाउंडर दिनेश चौबीसा और परिचारक विक्रम मीणा ने सेवाएं दीं। उन्होंने ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों की स्वास्थ्य जांच की तथा आयुर्वेदिक चिकित्सा और मौसमी बीमारियों से बचाव संबंधी जानकारी दी।

Tags: