सलूंबर नगर परिषद सभापति चुनाव में कांग्रेस के नरेश जैन जीते, परिणाम के बाद भावुक नजारे
सलूंबर नगर परिषद में कांग्रेस प्रत्याशी नरेश जैन ने दर्ज की जीत, चुनाव नतीजों के बाद कार्यालय के बाहर खुशी और निराशा का माहौल देखा गया।
तस्वीर में नगर परिषद कार्यालय के बाहर एक व्यक्ति दूसरे को गले लगाकर संभालता दिख रहा है।
नगर परिषद सभापति चुनाव का परिणाम सोमवार को सामने आते ही सलूम्बर में सियासी माहौल के साथ भावनाओं का ज्वार भी देखने को मिला। कहीं जीत की खुशी में आंखें नम हुईं तो कहीं हार का दर्द आंसुओं के रूप में छलक पड़ा। चुनाव परिणाम ने नेताओं और कार्यकर्ताओं को भावनाओं के ऐसे रंग में रंग दिया कि कुछ देर के लिए राजनीति भी पीछे छूट गई।
कांग्रेस के नरेश कुमार जैन के सभापति चुने जाने की खबर मिलते ही नगर परिषद कार्यालय के बाहर मौजूद उनके पुत्र निखिल जैन अपनी खुशी संभाल नहीं पाए। पिता की जीत की खबर सुनते ही उनकी आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। चेहरे पर जीत की खुशी और आंखों में आंसू देखकर वहां मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्हें संभाला और बधाई दी। खुशी में निकले आंसुओं ने जीत के जश्न को और भावुक बना दिया।
दूसरी ओर, भाजपा खेमे में चुनाव परिणाम के बाद माहौल बदल गया। भाजपा की हार से आहत पंचायत समिति के निवर्तमान उपप्रधान देवेन्द्रसिंह अजबावत अपने भावनाओं पर काबू नहीं रख पाए और फूट-फूटकर रोते नजर आए। आसपास मौजूद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें संभालने का प्रयास किया।
एक ही चुनाव परिणाम ने कुछ चेहरों पर खुशी के आंसू दिए तो कुछ आंखों से हार का दर्द छलक पड़ा। सलूम्बर की सियासत में सोमवार का दिन जीत-हार के साथ आंसुओं के दो अलग-अलग रंगों के लिए भी याद रखा जाएगा।