सभापति, जिला प्रमुख और चार पालिकाध्यक्ष पद की लॉटरी आज जयपुर में, 3083 पदों का आरक्षण होगा तय
राजसमंद में पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव से पहले आज जयपुर में आरक्षण की लॉटरी होगी। 3083 पदों की आरक्षण स्थिति होगी तय।
पंचायत राज संस्थाओं और नगरीय निकायों के चुनाव से पहले आरक्षण की लॉटरी प्रक्रिया आज जयपुर में होगी। नगर परिषद सभापति, जिला प्रमुख और जिले की चार नगर पालिकाओं के अध्यक्ष पद के लिए लॉटरी निकाली जाएगी। वहीं जिला स्तर पर पंचायत समिति प्रधान, जिला परिषद सदस्य, सरपंच और वार्ड पंचों के पदों के आरक्षण की प्रक्रिया भी आगे बढ़ेगी।
राजसमंद जिले में कुल 3083 जनप्रतिनिधियों के पदों के लिए आरक्षण तय किया जाएगा। इनमें नगर परिषद सभापति, जिला प्रमुख, 9 पंचायत समितियों के प्रधान, 29 जिला परिषद सदस्य, 280 सरपंच, नगर निकायों के पार्षद, पंचायत समिति सदस्य और 2458 वार्ड पंच शामिल हैं।
पंचायतीराज संस्थाओं के पुनर्गठन और पुनर्सीमांकन के बाद वार्ड पंच, पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्य पदों पर एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग का आरक्षण नए चक्रानुक्रम से तय किया जाएगा। सरपंच और प्रधान पदों के लिए पुनर्गठित अथवा यथावत रही संस्थाओं में वर्तमान चक्रानुक्रम के आधार पर आरक्षण होगा।
राज्य सरकार के प्रावधानों के अनुसार सभी वर्गों में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण रहेगा। यदि किसी सीट पर एससी और एसटी दोनों वर्गों के लिए आरक्षण की स्थिति बनती है और किसी एक वर्ग की जनसंख्या प्रतिशत अधिक है, तो सीट उसी वर्ग के लिए आरक्षित होगी।
राजसमंद जिले में पंचायत चुनाव चार चरणों में प्रस्तावित हैं। पहले चरण में खमनोर और देलवाड़ा, दूसरे चरण में चारभुजा, कुंभलगढ़ और आमेट, तीसरे चरण में भीम और देवगढ़ तथा चौथे चरण में रेलमगरा और राजसमंद क्षेत्र में चुनाव होंगे।
आरक्षण की लॉटरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित पदों की स्थिति स्पष्ट होगी। इसके साथ ही जिले में चुनावी गतिविधियां तेज होने की उम्मीद है। लॉटरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी।