अल्पसंख्यक विभाग की समीक्षा बैठक में संगठन विस्तार और चुनावी रणनीति पर मंथन
राजसमन्द में कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग की बैठक में संगठन विस्तार, बूथ मजबूती और आगामी पंचायत-निकाय चुनावों की रणनीति पर मंथन हुआ।
तस्वीर में राजसमंद स्थित अंजुमन ईदगाह हॉल में कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग की जिला कार्यकारिणी समीक्षा बैठक के दौरान मंच और कक्ष में मौजूद पदाधिकारी व कार्यकर्ता नजर आ रहे हैं।
राजसमन्द जिला कांग्रेस कमेटी के अल्पसंख्यक विभाग की जिला कार्यकारिणी समीक्षा एवं संगठन विस्तार बैठक आज जिला मुख्यालय सुलुस रोड स्थित अंजुमन ईदगाह, राजसमन्द में आयोजित हुई। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेशाध्यक्ष जनाब एम. डी. चोपदार के निर्देशानुसार आयोजित बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, सदस्यता अभियान चलाने और आगामी पंचायत राज एवं नगर निकाय चुनावों की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता प्रदेश उपाध्यक्ष एवं उदयपुर संभाग प्रभारी नजमा जी राईन ने की। मुख्य अतिथि के रूप में जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं पूर्व जिला प्रमुख नारायण सिंह भाटी, जिला प्रवक्ता बहादुर सिंह चारण, जिला महासचिव एवं पार्षद हेमन्त रजक तथा संदीप व्यास उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला प्रभारी जनाब फिरोज खान अब्बासी एवं जिला सह-प्रभारी जनाब मोहम्मद खान पठान मौजूद रहे। बैठक का आयोजन जिलाध्यक्ष अब्दुल सत्तार शाह के नेतृत्व में किया गया।
बैठक में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान, बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने, आगामी पंचायत राज एवं नगर निकाय चुनावों की तैयारियों तथा अल्पसंख्यक समाज की अधिकतम राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। जिला कार्यकारिणी की गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तय की गई।
जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं पूर्व जिला प्रमुख नारायण सिंह भाटी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की वास्तविक ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने अल्पसंख्यक विभाग की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि आगामी चुनावों में कांग्रेस की सफलता के लिए सभी प्रकोष्ठों और विभागों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा।
प्रदेश उपाध्यक्ष एवं संभाग प्रभारी नजमा जी राईन ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अल्पसंख्यक समाज को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। आगामी पंचायत एवं निकाय चुनावों में अल्पसंख्यक विभाग की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रहेगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को संगठन की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाते हुए जमीनी स्तर पर सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
जिला प्रभारी फिरोज़ खान अब्बासी ने कहा कि संगठन की मजबूती ही चुनावी सफलता की आधारशिला है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित बैठकों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।
कांग्रेस जिला प्रवक्ता बहादुर सिंह जी चारण ने कहा कि अल्पसंख्यक विभाग को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच बनानी होगी। उन्होंने युवाओं, शिक्षित वर्ग एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं को संगठन से जोड़ने पर विशेष बल देते हुए कहा कि यही संगठन की भविष्य की ताकत बनेगी।
जिलाध्यक्ष अल्पसंख्यक विभाग अब्दुल सत्तार शाह ने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राजसमन्द जिले में अल्पसंख्यक विभाग को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जिला कार्यकारिणी के प्रत्येक सदस्य को संगठन द्वारा सौंपे गए दायित्वों का पूर्ण निष्ठा के साथ निर्वहन करना होगा।
बैठक के आरंभ में अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया तथा आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
बैठक में जिला प्रवक्ता वहाब खान साहब, जिला उपाध्यक्ष सरताज खान, जिलाध्यक्ष (अल्पसंख्यक विभाग) उदयपुर रईस शेख, प्रदेश कॉर्डिनेटर मुस्तफा भाई, हाजी मुबारक़ शाह कुरज, जिला महासचिव शौकत रंगरेज, जिला महासचिव आजाद शाह, जिला सचिव सलमा बेग़म, जिला सचिव शब्बीर रंगरेज, जिला संयुक्त सचिव गफ्फार रंगरेज, मो रफीक काज़ी, सिद्दीक भाई, जिला सचिव जाकीर शाह, जिला संयुक्त सचिव इरफ़ान खान, ब्लॉक अध्यक्ष आमेट मो फिरोज़ शेख, ब्लॉक अध्यक्ष राजसमन्द बाबु मंसूरी, ब्लॉक अध्यक्ष कुंभलगढ़ शरीफ़ शेख़, नगर अध्यक्ष राजसमन्द खलील रंगरेज, नगर अध्यक्ष आमेट ताहिर अली शोरगर, नगर अध्यक्ष कुरज अज़ीज़ भाई, नगर अध्यक्ष सरदारगढ़ इकाई आसिफ अली उस्ता, जिला संयुक्त सचिव मुस्तफा काज़ी, शकील शाह, लियाकत अली, अशफाक रंगरेज, शरीफ़ शाह, वसीम रंगरेज, जहांगीर भाई, हैदर अली, रेहान भाई, शब्बीर मंसूरी, मोइनुद्दीन भाई, मारूफ रजा, अशफ़ाक़ भाई सहित जिले भर से अल्पसंख्यक विभाग के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।