आचार्य तुलसी डायग्नोस्टिक सेंटर के नए स्थानांतरण समारोह के साथ ‘संबोधि परियोजना’ के दूसरे चरण का शुभारंभ, चेम्बूर में जुटे गणमान्यजन
चेम्बूर में ATDC स्थानांतरण समारोह के साथ ‘संबोधि परियोजना’ के दूसरे चरण का शुभारंभ हुआ, नवीन साहित्य स्टैंड का भी अनावरण किया गया।
तस्वीर में चेम्बूर स्थित आचार्य तुलसी डायग्नोस्टिक सेंटर के स्थानांतरण समारोह और संबोधि परियोजना के कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य अतिथि और कार्यकर्ता नजर आ रहे हैं।
आचार्य तुलसी डायग्नोस्टिक सेंटर के नए स्थानांतरण समारोह के साथ ‘संबोधि परियोजना’ के दूसरे चरण का शुभारंभ, चेम्बूर में जुटे गणमान्यजन
चेम्बूर में तेरापंथ युवक परिषद् द्वारा संचालित आचार्य तुलसी डायग्नोस्टिक सेंटर (ATDC) के स्थानांतरण समारोह और ‘संबोधि परियोजना’ के द्वितीय चरण का शुभारंभ गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम पूज्य साध्वीश्री निर्वाणश्रीजी आदि ठाणा-6 के पावन सान्निध्य में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाओं और गणमान्य अतिथियों ने भाग लिया।
प्रेरक उद्बोधन में साध्वीश्री निर्वाणश्रीजी ने कहा कि आचार्य तुलसी के नाम से जुड़ा यह सेवा प्रकल्प उनके मानवीय दृष्टिकोण और सेवा-दर्शन का साकार रूप है। उन्होंने सेवा कार्यों से जुड़े सभी कार्यकर्ताओं, सहयोगियों और दानदाताओं को मंगलकामनाएं दीं।
मुख्य अतिथि एवं अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद् के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री पवनजी मांडोत ने कहा कि मुंबई के कार्यकर्ता समर्पण, संगठन शक्ति और सेवाभाव के साथ सेवा उपक्रमों को सफल बनाकर धर्मसंघ की प्रभावना कर रहे हैं। उन्होंने ATDC को चेम्बूर की विशिष्ट पहचान बताते हुए परिषद् के कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान ‘संबोधि परियोजना’ के द्वितीय चरण के अंतर्गत ATDC में नवीन साहित्य स्टैंड का शुभ अनावरण भी किया गया। इस अवसर पर जैन विश्व भारती के साहित्य प्रचारक श्री प्रकाशजी धाकड़ और श्री नवनीतजी चौधरी सहित मुंबई ज़ोन के पदाधिकारी तथा अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
पूर्व एबीटीवाईपी अध्यक्ष श्री किशनजी डागलिया, तेरापंथ सभा अध्यक्ष श्री लक्ष्मणजी, महिला मंडल अध्यक्षा श्रीमती ममताजी कच्छारा और युवक परिषद् अध्यक्ष श्री हिमांशुजी गन्ना ने भी विचार व्यक्त किए। उन्होंने सेवा, समर्पण और संगठन की भावना को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।
धार्मिक अनुष्ठान जैन संस्कारकों द्वारा विधिवत सम्पन्न कराया गया। कार्यक्रम का संचालन पूर्व अध्यक्ष श्री रमेशजी धोका ने किया। अंत में परिषद् मंत्री श्री कपिलजी मेहता ने सभी संतों, अतिथियों, दानदाताओं, सहयोगियों और उपस्थित जनसमुदाय का आभार व्यक्त किया। आचार्य तुलसी डायग्नोस्टिक सेंटर के स्थानांतरण समारोह और ‘संबोधि परियोजना’ के द्वितीय चरण का शुभारंभ सेवा एवं साहित्य के क्षेत्र में परिषद् की गतिविधियों के महत्वपूर्ण अवसर के रूप में सम्पन्न हुआ।