राजसमंद में कुमावत समाज की वाहन रैली, पंचायतीराज चुनाव गरमाए
जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों में राजनीतिक दलों की बढ़ी मुश्किलें, शक्ति प्रदर्शन से सियासी हलचल तेज
राजसमंद में पंचायतीराज चुनाव के दौरान कुमावत समाज द्वारा निकाली गई वाहन रैली।
आमेट। पंचायतीराज चुनाव के बीच राजसमंद जिले में कुमावत समाज ने 30 किलोमीटर लंबी विशाल वाहन रैली निकालकर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया। सोमवार को श्री ढेलाणा भेरुनाथ मंदिर से शुरू हुई इस रैली में करीब 100 बाइक और 100 कारों का काफिला शामिल रहा। मार्ग में जगह-जगह रैली का भव्य स्वागत किया गया। कई स्थानों पर जेसीबी के जरिए पुष्पवर्षा कर रैली में शामिल लोगों का आत्मीय अभिनंदन किया गया। कुमावत समाज के इस शक्ति प्रदर्शन के बाद जिले की चुनावी सरगर्मियों में हलचल तेज हो गई।
कुमावत समाज के जिलामंत्री बाबूलाल कुमावत ने बताया कि डीजे की धुन के साथ रैली का आगाज क्षेत्र के विख्यात श्री ढेलाणा भेरुनाथ मंदिर से हुआ। वहां से निकला काफिला ढेलाणा, सेलागुड़ा, आसण, आमेट, आगरिया, आगरिया की वाड़ा, हवाला, भगवानपुरा, किशनपुरिया, घोसुण्डी, भीलमगरा, सरदारगढ़, ओलना खेड़ा, रावो का खेड़ा, सारणिया खेड़ा, अरणिया, गोवल, झौर, मुरड़ा और पनोतिया सहित कुमावत बाहुल्य क्षेत्रों से गुजरा। करीब 30 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली इस रैली में कुमावत समाज के साथ सर्व समाज के बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर हुए स्वागत और जेसीबी से की गई पुष्पवर्षा ने रैली में शामिल लोगों का उत्साह बढ़ाया।
पंचायतीराज चुनाव में जिला परिषद की 8 सीटों और पंचायत समिति रेलमगरा, आमेट, राजसमंद तथा खमनोर की 18 सीटों पर प्रत्याशियों के मैदान में होने से राजसमंद जिले में मुकाबला दिलचस्प हो गया है। इसी चुनावी माहौल के बीच कुमावत समाज की रैली को राजनीतिक दलों के सामने समाज की ताकत के प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है।
कुमावत समाज के अध्यक्ष सुंदरलाल कुमावत ने बताया कि मतदान अभूतपूर्व होगा। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम आने के बाद कुमावत समाज जिला प्रमुख और पंचायत समिति प्रधान बनाने में निर्णायक भूमिका निभा सकता है। जिला परिषद और पंचायत समिति की सीटों पर जारी चुनावी मुकाबले के बीच समाज की भूमिका को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं।
रैली के दौरान जिला महामंत्री सुन्दर लाल कुमावत, पंचायत समिति वार्ड 9 की प्रत्याशी प्रतिभा कुमावत, जिला परिषद वार्ड 20 के सोहन लाल कुमावत, वार्ड 22 की राधा देवी कुमावत, मदादेव चौकी अध्यक्ष मांगी लाल कुमावत, रामलाल कुमावत आगरिया वाड़ा, परसराम कुमावत, कालुराम कुमावत, वेणीराम कुमावत, मोहन लाल, बालुराम, अम्बा लाल, प्रभु लाल, बाबु लाल और भरत कुमावत सहित सैकड़ों समाजजन मौजूद रहे।
सोमवार को निकली इस विशाल वाहन रैली के बाद कांग्रेस और भाजपा, दोनों राजनीतिक दलों के सकते में आने का दावा किया गया। रैली के बाद दोनों दलों को अपनी-अपनी चुनावी रणनीति बदलने पर मजबूर होना पड़ रहा है। ऐसे में राजसमंद जिले की जिला परिषद और पंचायत समिति सीटों पर होने वाले चुनाव में कुमावत समाज की भूमिका और उसके प्रभाव पर राजनीतिक दलों की नजरें टिकी हैं।