आमेट के राजकीय विद्यालय में आयोजित बाल मेले में गतिविधियां प्रस्तुत करते बच्चे।

आमेट। नगर के सेठ तख्तमल कच्छारा राजकीय विद्यालय अंग्रेजी माध्यम के परिसर में बाल वाटिका बाल मेले का आयोजन किया गया। मेले में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों, आकर्षक स्टॉलों और प्रतियोगिताओं के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में बच्चों के साथ अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।

बाल मेले में हिंदी और अंग्रेजी वर्णमाला, चित्रों के माध्यम से गिनती, कार्डों से रंगों की पहचान, कहानी, कविता, शब्दकोश निर्माण, भाषण, एकल नृत्य, गरबा नृत्य और पेपर डांस सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला।

प्रतियोगिताओं में अभिभावकों ने भी भाग लिया। प्रतियोगिता में सीमा नगांरची ने प्रथम और लादी शर्मा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। गरबा नृत्य में दीपिका और शोभा विजेता रहीं, जबकि एकल नृत्य में कुसुम कंवर ने जीत हासिल की। विजेताओं को पारितोषिक प्रदान कर सम्मानित किया गया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य कालुराम ने बताया कि बाल मेले से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है और उनकी मौखिक अभिव्यक्ति का विकास होता है। इस तरह की गतिविधियां बच्चों को अपनी प्रतिभा सामने लाने का अवसर प्रदान करती हैं।

कार्यक्रम में मेला प्रभारी अर्चना रेगर, मनोहर लाल, बाबूलाल, पारस रेगर, प्रेम कुमारी शर्मा, सुरजपाल सिंह और सुरेश रेगर सहित जगदीश, हीरालाल, सीमा, लादी, दीपिका तथा अन्य अभिभावक उपस्थित थे।

Tags: