राजसमंद-भीलवाड़ा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, एमडी फैक्ट्री पर दबिश; 5 आरोपी डिटेन, केमिकल-मशीन जब्त
राजसमंद के चारभुजा थाना क्षेत्र में एमडी फैक्ट्री पर राजसमंद और भीलवाड़ा डीएसटी की संयुक्त कार्रवाई, तीन डिटेन और 29 ग्राम एचडी के साथ दो अन्य आरोपी भी दबोचे गए।
तस्वीर में चारभुजा थाना क्षेत्र के सोडा की भागल में अवैध एमडी फैक्ट्री पर दबिश के दौरान पुलिसकर्मी नजर आ रहे हैं।
राजसमंद से बड़ी खबर में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ राजसमंद और भीलवाड़ा पुलिस डीएसटी ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चारभुजा थाना क्षेत्र के सोडा की भागल स्थित एक एमडी फैक्ट्री पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मौके से एमडी का निर्माण करते हुए तीन लोगों को डिटेन किया गया।
पुलिस ने मौके से पवन पिता रविन्द्र, उम्र 21 वर्ष, जाति विश्नोई, निवासी गंगावास, थाना मंडली, जिला बालोतरा, दुर्गेश पिता रामलाल, उम्र 21 वर्ष, जाति डांगी, निवासी मंगथला, थाना घासा, जिला उदयपुर तथा मकान मालिक हीरा लाल पिता जग्गू जी, उम्र 40 वर्ष, जाति गुर्जर, निवासी सोडा की भागल, थाना चारभुजा, जिला राजसमंद को डिटेन किया। कार्रवाई के दौरान एमडी निर्माण में इस्तेमाल किए जा रहे केमिकल और मशीन भी जब्त कर लिए गए।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने तैयार एमडी उदयपुर बेचने जा रहे दो अन्य आरोपियों को श्रीनाथजी मंदिर नाथद्वारा थाना क्षेत्र में 29 ग्राम एचडी के साथ दबोच लिया। इस मामले में श्रीनाथजी थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पूरी कार्रवाई भीलवाड़ा डीएसटी और राजसमंद डीएसटी इंचार्ज केसाराम के नेतृत्व में संयुक्त रूप से अंजाम दी गई। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ की गई इस कार्रवाई में एमडी निर्माण में प्रयुक्त सामग्री और तैयार मादक पदार्थ की बरामदगी के साथ पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।