क्या मोबाइल को लेकर टोकाटाकी बनी वजह? मोही में खेत के बाड़े में फंदे से लटका मिला 14 वर्षीय छात्र का शव
राजसमंद के मोही गांव में 14 वर्षीय आठवीं कक्षा के छात्र का शव खेत के बाड़े में फंदे से लटका मिला। पुलिस और एफएसएल टीम जांच में जुटी, रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा।
तस्वीर में एफएसएल टीम का सदस्य एक व्यक्ति की उपस्थिति में साक्ष्य एकत्र करता हुआ दिखाई दे रहा है।
राजसमंद जिले के मोही गांव में 14 वर्षीय छात्र का शव उसके ही खेत के बाड़े में फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान पुनीत सालवी (14) पुत्र मनोज सालवी के रूप में हुई है। वह आठवीं कक्षा का छात्र था।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 8 बजे पुनीत घर पर मोबाइल चला रहा था। इसी दौरान उसकी मां ने उसे मोबाइल अपनी बहन को देने और कुछ देर पढ़ाई करने के लिए कहा। इसके बाद उसके पिता ने उसे पानी लाने के लिए कहा। पानी देने के बाद पुनीत घर से बाहर निकला, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका।
शनिवार सुबह उसकी दादी जब खेत पर पहुंचीं तो घर के खेत के बाड़े में लोहे के एंगल से साड़ी के फंदे पर पुनीत का शव लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही कांकरोली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मौका-मुआयना किया। एफएसएल टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। यह आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसका खुलासा जांच और एफएसएल रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा। मामले की जांच जारी है।