राजसमंद जेल में प्रशासन की औचक तलाशी, नहीं मिली कोई निषिद्ध सामग्री
राजसमंद जिला जेल में जिला और पुलिस प्रशासन ने औचक तलाशी अभियान चलाया। तहसीलदार, पुलिस उपअधीक्षक, थाना प्रभारी और जेल अधिकारियों की मौजूदगी में हुई तलाशी में कोई निषिद्ध सामग्री नहीं मिली।
तस्वीर में राजसमंद जिला कारागृह के भीतर पुलिसकर्मी और प्रशासनिक अधिकारी औचक तलाशी अभियान के दौरान सामान की जांच करते हुए नजर आ रहे हैं।
राजसमंद जिला कारागृह में सोमवार शाम जिला और पुलिस प्रशासन ने जेल स्टाफ के साथ संयुक्त रूप से औचक तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान जेल परिसर में किसी भी प्रकार की निषिद्ध सामग्री नहीं मिली।
तलाशी अभियान में राजसमंद तहसीलदार पुष्पेंद्र सिंह, पुलिस उपअधीक्षक राजसमंद नेत्रपाल सिंह, राजनगर थानाधिकारी ओंकार सिंह, जेल उपअधीक्षक भवरसिंह और जेलर हेमंत सालवी मय जाप्ता पुलिस, आरएसी तथा जेल स्टाफ शामिल रहा। प्रशासन और पुलिस की टीम ने जेल परिसर में विभिन्न स्थानों की तलाशी ली।
दौराने तलाशी जेल में किसी भी प्रकार की निषिद्ध सामग्री प्राप्त नहीं हुई। जेल प्रशासन की ओर से प्रतिदिन तलाशी की जाती है। वहीं जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से पाक्षिक नियमित औचक तलाशी ली जाती है। इसका उद्देश्य जेल में किसी भी प्रकार की निषिद्ध सामग्री के प्रवेश को रोकना तथा अपराधों की रोकथाम और नियंत्रण बनाए रखना है।
जेल उपअधीक्षक भवरसिंह ने बताया कि उनका प्रमुख ध्येय राजसमंद जिला जेल में निरुद्ध कैदियों को नियमानुसार जेल भुगताने के साथ-साथ सुधार की पहल करना है। उनका उद्देश्य है कि अभियुक्त नशे और अपराध से दूरी बनाए रखें और पुनः समाज की मुख्यधारा में जुड़कर अपने परिवार के साथ खुशीपूर्वक जीवन बिता सकें।
राजसमंद जिला कारागृह में हुई इस औचक तलाशी के दौरान निषिद्ध सामग्री नहीं मिलने से जेल प्रशासन और पुलिस की नियमित निगरानी व्यवस्था के तहत की जा रही कार्रवाई सामने आई है।